n NBT रिपोर्ट, फरीदाबाद
प्रॉपर्टी डील के नाम पर करीब 50 लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। गांव भतौला निवासी प्रॉपर्टी डीलर संदीप चंदीला की शिकायत पर खेड़ीपुल थाना पुलिस ने एक दंपती के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पीड़ित संदीप चंदीला ने बताया कि जनवरी 2023 में उनके कार्यालय श्री गुरु कृपा बिलटैक पर दिव्या शर्मा और उनके पति अश्विन शर्मा उनसे मिले। दोनों ने सेक्टर-85 स्थित अपने फ्लैट को बेचने की पेशकश की। बातचीत के बाद 75 लाख रुपये में सौदा तय हुआ। आरोप है कि 10 मई 2023 को उन्होंने आरटीजीएस के माध्यम से 17 लाख रुपये अलग-अलग खातों में ट्रांसफर किए, जबकि 3 लाख रुपये नकद दिए। शुरुआती तौर पर 20 लाख रुपये का भुगतान किया गया और उसी दिन एक इकरारनामा भी तैयार किया गया। इसके बाद आरोपियों ने रजिस्ट्री कराने के लिए समय मांगते हुए 13 दिसंबर 2023 को 10 लाख रुपये और नकद ले लिए। फिर 12 फरवरी 2024 को रजिस्ट्री की नई तारीख तय की गई और एक और इकरारनामा तैयार किया गया। इस दौरान शिकायतकर्ता ने 20 लाख रुपये और नकद दे दिए। इस तरह कुल भुगतान करीब 50 लाख रुपये तक पहुंच गया। पीड़ित का आरोप है कि बार-बार आश्वासन के बावजूद आरोपियों ने न तो फ्लैट की रजिस्ट्री कराई और न ही पैसे लौटाए। बाद में उन्होंने फोन उठाना भी बंद कर दिया। जांच करने पर सामने आया कि जिस फ्लैट का सौदा किया गया था, उसे आरोपियों ने किसी अन्य व्यक्ति को बेचकर उसकी रजिस्ट्री भी कर दी। संदीप चंदीला ने पुलिस से सख्त कार्रवाई की मांग की है।



