NBT न्यूज, पानीपत/ यमुनानगर/जींद : हरियाणा के तीन जिलों, पानीपत, यमुनानगर और जींद में फसलों की खरीद में हो रही परेशानी पर किसानों ने जमकर गुस्सा निकाला। यमुनानगर जिले की जगाधरी अनाज मंडी में गेटपास और बॉयोमैट्रिक सिस्टम की साइट बंद होने से गुस्साए किसानों ने सोमवार को मंडी के बाहर सड़क जाम कर दी। किसानों ने ट्रैक्टर-ट्रालियां सड़क के बीच में खड़ी कर दी और दरी बिछाकर धरने पर बैठ गए, जिससे यातायात पूरी तरह बाधित हो गया। पानीपत जिले की अनाज मंडियों में सर्वर डाउन होने से खरीद प्रक्रिया बाधित हो रही है। सरकार द्वारा नए कर्मचारियों को मंडी में तैनात किए जाने के बाद से यह समस्या बढ़ गई है। सर्वर बार-बार बंद होने से किसानों और अधिकारियों दोनों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।बायोमीट्रिक फसल खरीद प्रणाली के विरोध में बीकेयू का जींद की अनाज मंडी में अनिश्चितकालीन धरना सोमवार को लगातार छठे दिन भी जारी रहा। बीकेयू ने ऐलान किया कि फसस खरीद के नए नियम वापस न होने तक उनका धरना जारी रहेगा।



