सबके अम्बेडकर

नवभारतटाइम्स.कॉम

बाबा साहेब भीमराव अम्बेडकर की जयंती पर राजनीतिक दल दलित वोटरों को साधने की तैयारी में हैं। बहुजन समाज पार्टी लखनऊ के अम्बेडकर पार्क में बड़ा आयोजन कर रही है। वहीं, भाजपा, कांग्रेस और सपा भी अलग-अलग कार्यक्रमों से संदेश देने की कोशिश में हैं। प्रदेशभर में लाखों लोगों के जुटने का अनुमान है।

sabke ambedkar battle of bsp bjp sp and congress for dalit vote bank

n NBT रिपोर्ट, लखनऊ

बाबा साहेब भीमराव अम्बेडकर की जयंती विधानसभा चुनाव से पहले राजनीतिक दलों के लिए जनाधार की जंग बन गई है। लखनऊ के अम्बेडकर पार्क में 14 अप्रैल को एक तरफ जहां बहुजन समाज पार्टी ने अम्बेडकर पार्क में श्रद्धांजलि समारोह का आयोजन किया है, जिसमें दो लाख से ज्यादा लोगों के जुटने का अनुमान लगाया जा रहा है। वहीं बीजेपी, कांग्रेस और सपा भी अलग अलग आयोजनों के जरिए बाबा साहेब को याद कर दलित वोटरों को अपना राजनीतिक संदेश देने की कोशिश करेंगे। ऐसे में लखनऊ समेत प्रदेशभर में 14 अप्रैल दलित राजनीति को लेकर कई बड़े आयोजन होने जा रहे हैं।

लाखों की भीड़ जुटने का अनुमान, बसपा ने परखीं तैयारियां : बहुजन समाज पार्टी बसपा की तरफ से गोमती नगर विस्तार स्थित अम्बेडकर पार्क में बड़े आयोजन की तैयारी है। इसमें पूरे प्रदेश से करीब दो से तीन लाख लोगों के जुटने का दावा किया जा रहा है। आयोजन की तैयारियों को लेकर बसपा के प्रदेश अध्यक्ष विश्वनाथ पाल समेत कई मुख्य मंडल प्रभारी, मंडल प्रभारी और जिलाध्यक्ष सोमवार को अम्बेडकर पार्क पहुंचे। बसपा सूत्रों के मुताबिक 14 अप्रैल को राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती अपने आवास पर सुबह करीब सात बजे बाबा साहब भीमराव अम्बेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण और पुष्पांजलि करेंगी। राष्ट्रीय संयोजक आकाश आनंद अम्बेडकर जयंती पर छत्तीसगढ़ के रायपुर की रैली में शामिल होंगे। अम्बेडकर पार्क में मीडिया से बात करते हुए प्रदेश अध्यक्ष विश्वनाथ पाल ने अम्बेडकर जयंती पर सपा, भाजपा और कांग्रेस की तरफ से किए जा रहे आयोजनों पर तीखा हमला बोला।

बीजेपी : हर जिले में बनेगी अम्बेडकर और दलित संतों की प्रतिमाएं : बीजेपी की तरफ से 14 अप्रैल को अम्बेडकर जयंती पर पूरे प्रदेश में आयोजन किए जाएंगे। सीएम योगी आदित्यनाथ ने बाबा साहब भीमराव अम्बेडकर की जयंती पर प्रदेश के नाम पाती लिखी। इसमें उन्होंने कहा कि 'बाबासाहेब के विचारों को अपनाकर हमारी सरकार न्याय और समता के आदर्शों के अनुरूप प्रत्येक गरीब, वंचित, महिला और युवा तक योजनाओं का लाभ पहुंचा रही है।' इसके साथ ही सरकार की तरफ से डॉ. भीमराव अम्बेडकर मूर्ति विकास योजना के तहत हर विधानसभा में बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर के अलावा संत रविदास, कबीर, महात्मा ज्योतिबा फुले और महर्षि वाल्मीकि समेत दलित महापुरुषों की प्रतिमाओं का विकास होगा।

सपा हर बूथ और गांव में करेगी आयोजन : समाजवादी पार्टी ने 14 अप्रैल को यूपी के हर बूथ, गांव और सेक्टर पर अंबेडकर जयंती मनाने का फैसला किया है। जिला मुख्यालयों में विशेष आयोजन होंगे। इन आयोजनों में प्रदेश से लेकर जिला स्तर के संगठन पदाधिकारी मौजूद रहेंगे। सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने इसे ‘संविधान बचाने’ और ‘सामाजिक न्याय’ पर जन-जागरण अभियान बताया है।

कांग्रेस सूबे के सभी जिलों में करेगी कार्यक्रम : अंबेडकर जयंती पर यूपी के सभी 75 जिलों में कांग्रेस ने कार्यक्रम तय किए हैं। दलित वोट बैंक तक सीधी पहुंच बनाने के लिए पार्टी की तरफ से जिलों में संविधान, अंबेडकर के विचार और समानता व न्याय पर सभा, सेमिनार, पदयात्रा या बैठकें की जाएंगी।

रेकमेंडेड खबरें