n NBT रिपोर्ट, लखनऊ
राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने सीएम योगी आदित्यनाथ की मौजूदगी में सोमवार को जनभवन परिसर में आर्दश माध्यमिक विद्यालय के नए भवन का लोकार्पण किया। 500 छात्र संख्या वाले इस विद्यालय का भवन 5.17 करोड़ रुपये से तैयार हुआ है, जिसमें 4.70 करोड़ रुपये शासन ने दिए हैं। मौके पर राज्यपाल ने कहा कि समाज आपकी मदद के लिए हमेशा खड़ा है, बशर्ते आप यह भरोसा बनाइए कि उनकी ओर से उपलब्ध संसाधन एवं मदद का सही उपयोग करेंगे। राजभवन परिसर में स्थित संस्थान हों या प्रदेश के अलग-अलग हिस्से के आंगनबाड़ी केंद्र, उनकी सूरत बदलने में समाज, संस्थाओं, व्यक्तियों की ओर से मिले योगदान ने अहम भूमिका निभाई है।
राज्यपाल और सीएम ने पूरे परिसर का निरीक्षण किया, बच्चों से संवाद कर उनकी कक्षा, भूमिकाओं, लैब एवं अन्य सुविधाओं की जानकारी भी ली। 7 वर्ष में जनभवन में की गई पहल पर आधारित पुस्तक 'हमारा जनभवन' का विमोचन भी हुआ।
कंपोजिट स्कूल का बना सकते हैं मॉडल : योगी
सीएम ने विद्यालय भवन की तारीफ करते हुए शिक्षा विभाग के अधिकारियों से कहा कि उन्हें यहां शिक्षण संस्थान का आदर्श मॉडल प्राप्त हो रहा है। इस मॉडल को कहीं भी प्रस्तुत कर सकते हैं। अपग्रेडेशन के साथ शिक्षा सर्वसमावेशी विकास का मॉडल बन सके। राज्यपाल ने आदर्श माध्यमिक विद्यालय , जनभवन में इसी अभिनव प्रयास को आगे बढ़ाया है। माध्यमिक व बेसिक शिक्षा के अधिकारी इसे सीएम कंपोजिट विद्यालय के मॉडल के रूप में अंगीकार कर सकते हैं। कार्यक्रम में डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य, वित्त मंत्री सुरेश खन्ना, माध्यमिक शिक्षा मंत्री गुलाब देवी, बेसिक शिक्षा मंत्री संदीप सिंह सहित अन्य अहम चेहरे मौजूद रहे।



