nNBT रिपोर्ट, लखनऊ : स्कूली वाहनों के खिलाफ चल रहा जांच अभियान उत्तर प्रदेश एकीकृत स्कूल वाहन प्रबंधन पोर्टल पर अपडेट की प्रक्रिया में अटक गया है। 15 अप्रैल तक वाहनों की जांच और पोर्टल पर ऑनबोर्डिंग का काम पूरा होना था, लेकिन दोनों ही कार्य समय सीमा में पूरे नहीं हो सके। परिवहन विभाग के अनुसार 1797 पंजीकृत स्कूली वाहनों में से 1482 को ही पोर्टल पर ऑनबोर्ड किया जा सका है, जबकि 1078 वाहनों का निरीक्षण पूरा हुआ है। अधिकारियों का कहना है कि ऑनबोर्डिंग का काम पूरा करने में अभी करीब एक सप्ताह और लगेगा।
आरटीओ प्रवर्तन प्रभात पांडेय के मुताबिक राजधानी में कुल 4491 स्कूल हैं, जिनमें से 4277 को पोर्टल पर जोड़ा जा चुका है। 316 स्कूल जिनके पास वाहन हैं, उनका पंजीकरण हो गया है, लेकिन अनुबंधित वाहनों का विवरण अब भी उपलब्ध नहीं है। इस बीच शहर में अनफिट और बिना परमिट के स्कूली वाहन संचालन जारी है। मार्च के आंकड़ों के अनुसार 126 वाहनों की फिटनेस और 49 के परमिट समाप्त हो चुके हैं। वाहन मालिकों को इन्हें दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए हैं।


