गृह क्लेश में विवाहिता ने फंदा लगाकर दी जान

नवभारतटाइम्स.कॉम

गांव किशनपुरा में एक विवाहिता ने गृह क्लेश के चलते फंदा लगाकर जान दे दी। मायके पक्ष ने पति, जेठ और जेठानी पर दहेज हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले की जांच जारी है। परिवार ने दहेज की मांग पूरी करने के बाद भी लगातार प्रताड़ना का आरोप लगाया है।

woman dies due to domestic strife dowry murder case registered against in laws

n NBT न्यूज, रेवाड़ी

गांव किशनपुरा में एक 26 साल की विवाहिता ने गृह क्लेश में मंगलवार की देर रात को घर में फंदा लगाकर जान दे दी। सूचना मिलते ही मायके के लोग गांव पहुंचे और पति, जेठ व जेठानी पर दहेज हत्या का मामला दर्ज कराया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

जिला अलवर मुंडावर के रहने वाले मनोज कुमार ने बताया कि उनकी बहन नीतू का विवाह गांव के राकेश के साथ दिसंबर 2023 में हुआ था। दहेज की मांग के अनुसार, परिवार ने सास-ससुर को सोने की अंगूठी, दूल्हे को एक कार दी थी और लाखों रुपये शादी पर खर्च किए थे, लेकिन पति राकेश, जेठ मुकेश और जेठानी पारिता उसकी बहन से आए दिन और अधिक पैसे की डिमांड करते थे। उन दोनों की एक डेढ़ साल की एक बेटी भी है। उसके जन्म पर महिला के परिवार की ओर से 50 हजार रुपये नकद दिए गए थे। इसके बाद भी आरोपी नीतू को लगातार प्रताड़ित कर रहे थे। पति व उनके परिजनों को कई बार इसको लेकर समझाया भी गया, लेकिन वे लोग नहीं माने। भाई ने आरोप लगाया कि ससुरालियों ने उसकी बहन की हत्या की है और उसके शव को फंदे पर लटका दिया गया है। बावल थाना प्रभारी फूल कुमार ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने का इंतजार किया जा रहा है। भाई की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।