आग से धधका बंधवाड़ी प्लांट 20 झुग्गियां भी जलकर राख

नवभारतटाइम्स.कॉम

गुड़गांव के सेक्टर-37 डी में कूड़े में आग लगने से करीब 20 झुग्गियां जल गईं। छोटे गैस सिलेंडरों के फटने से आग तेजी से फैली। बंधवाड़ी सॉलिड वेस्ट ट्रीटमेंट प्लांट में भी कूड़े के पहाड़ में आग लग गई। फायर ब्रिगेड की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। गनीमत रही कि किसी जनहानि की सूचना नहीं है।

gurugram fire in bandhwari plant 20 jhuggis reduced to ashes panic due to small cylinder explosions

n NBT रिपोर्ट, गुड़गांव

शहर के सेक्टर-37 डी एरिया में मंगलवार देर रात खाली प्लॉट में पड़े कूड़े में लगी आग ने कई झुग्गियाें पर कहर बरपा दिया। छोटे गैस सिलिंडरों के फटने से आग और धधकती चली गई। इससे झुग्गियों में रखा घरेलू सामान जल गया। सूचना पाकर कई फायर स्टेशनों से दस से अधिक फायर टेंडर मौके पर पहुंचे। करीब चार घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। वहीं बुधवार दोपहर बंधवाड़ी सॉलिड वेस्ट ट्रीटमेंट प्लांट में रखे कूड़े में आग लग गई। देखते ही देखते आग कूड़े के पहाड़ में बुरी तरह से फैल गई। सूचना पाकर कई फायर स्टेशनों से फायर टेंडर मौके पर पहुंच गए और देर शाम तक आग बुझाने का काम चलता रहा।

जानकारी के अनुसार, सेक्टर-37 डी में खाली एरिया में बड़ी संख्या में झुग्गियां बनाकर लोग रहते हैं। इनके पास ही एक खाली प्लॉट है। जिसमें लोग कूड़ा फेंकते हैं। मंगलवार रात करीब 12 बजे किसी वजह से इसमें पड़े कूड़े में आग लग गई। वहां रहने वाले लोगों की नजर जब तक पड़ती, तब तक आग काफी फैल गई थी। धीरे-धीरे आग झुग्गियों तक पहुंच गई और एक के बाद एक करीब 20 झुग्गियों में फैल गई। वहीं लोगों की ओर से खाना बनाने के लिए झुग्गियों में रखे छोटे गैस सिलिंडर भी इसकी चपेट में आ गए और एक-एक करके कई झुग्गियों के सिलिंडर ब्लॉस्ट करने लगे। जिससे आग और भी तेजी से फैलने लगी। हालांकि लोगों की ओर से सूचना पुलिस और फायर विभाग को दे दी गई थी। जिसके बाद सेक्टर-37 सी से दो फायर टेंडर मौके पर पहुंचे, लेकिन आग अधिक होने के कारण सेक्टर-29, भीम नगर और उद्योग विहार से भी फायर टेंडर बुलाए गए। करीब दस फायर टेंडर पर तैनात 30 से अधिक कर्मियों ने सुबह करीब चार बजे तक काबू पाया। जब तक यहां रहने वाले लोगों का घरेलू सामान जल गया। गनीमत रही कि कोई आग में हताहत नहीं हुआ।