अतिक्रमण पर चला बुलडोज़र, सेक्टरों में सैकड़ों निर्माण तोड़े

नवभारतटाइम्स.कॉम

गुड़गांव में प्रशासन ने अतिक्रमण के खिलाफ बड़ा अभियान चलाया। कई सेक्टरों में सड़कों और सार्वजनिक स्थानों पर बने सैकड़ों अवैध निर्माणों पर बुलडोज़र चला। पंजाब एवं हरियाणा हाई कोर्ट के आदेश पर टाउन एंड कंट्री प्लानिंग विभाग की टीमों ने यह कार्रवाई की। घरों के बाहर बने रैंप, दीवारें, पार्किंग शेड और गार्ड रूम हटाए गए।

bulldozer runs on encroachment in gurgaon hundreds of illegal constructions demolished major action on high court orders

n NBT न्यूज, गुड़गांव

मिलेनियम सिटी में अतिक्रमण के खिलाफ शनिवार को प्रशासन ने बड़े स्तर पर अभियान चलाते हुए कई इलाकों में तोड़फोड़ की कार्रवाई की। पंजाब एवं हरियाणा हाई कोर्ट के आदेश पर टाउन एंड कंट्री प्लानिंग विभाग के डीटीपी इंफोर्समेंट की संयुक्त टीमों ने विभिन्न सेक्टरों में सैकड़ों अवैध कब्जों को हटाया। इस दौरान सड़कों, ग्रीन बेल्ट और सार्वजनिक स्थानों पर किए गए अवैध निर्माण को बुलडोजर से ध्वस्त कर दिया गया।

विभाग की ओर से गठित आठ टीमों ने शहर के विभिन्न सेक्टरों में एक साथ कार्रवाई की। टीम-1 ने सेक्टर 24-28, 42-43 में अभियान चलाकर घरों के बाहर बनाए गए रैंप, दीवारें और अन्य अस्थायी ढांचे हटाए। टीम-2 ने सेक्टर 30-32, 39-41 साउथ सिटी और ग्रीनवुड सिटी में सड़क किनारे किए गए अतिक्रमण को हटाया। वहीं, टीम-3 ने सेक्टर 1-23, 36-37, 81- 86 में कार्रवाई करते हुए पार्किंग शेड, टीन शेड और अवैध निर्माणों को तोड़ा। टीम-4 ने सुशांत लोक के अलग-अलग फेज में तोड़फोड़ की कार्रवाई की। टीम-5 ने रोजवुड सिटी, निरवाना कंट्री में अतिक्रमण हटाया। टीम-6 ने सेक्टर 27, 43 और 52, अर्बन सिटी में कार्रवाई की। टीम-7 ने सेक्टर 33, 47-48, 71 और 73 में अवैध कब्जों को हटाया। टीम-8 ने सेक्टर 54-70, 76-80 और 90-95 के साथ सोहना क्षेत्र में भी बुलडोजर चलाया। कई जगह बाउंड्री वॉल, गार्ड रूम, जनरेटर सेट और पार्किंग शेड हटाए गए। डीटीपी इंफोर्समेंट अमित मधोलिया ने बताया कि सड़क के अधिकार क्षेत्र (ROW) में अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इस कार्रवाई पर जहां रोजवुड सिटी सी ब्लॉक, RWA अध्यक्ष अशोक यादव ने खुशी जताई। वहीं, साउथ सिटी-1 के पूर्व RWA महासचिव अश्विनी दुग्गल ने पक्षपात का आरोप लगाते हुए सवाल उठाए।