विष्णु गार्डन एरिया में घरों से नहीं उठ रहा कूड़ा, इलाके में लगे गंदगी के ढेर

नवभारतटाइम्स.कॉम

गुड़गांव के विष्णु गार्डन एरिया में कूड़ा उठाने वाली गाड़ी कई दिनों से नहीं पहुंच रही है। इससे केशवपंज इलाके में गंदगी के ढेर लग गए हैं। संक्रामक बीमारियों का खतरा बढ़ गया है। आरडब्ल्यूए प्रधान सतीश जोशी ने बताया कि अचानक गाड़ी आनी बंद हो जाती है।

विष्णु गार्डन एरिया में घरों से नहीं उठ रहा कूड़ा, इलाके में लगे गंदगी के ढेर

NBT न्यूज, गुड़गांव

सेक्टर 105 के विष्णु गार्डन एरिया के केशवपंज इलाके में कई दिनों से कूड़ा उठाने वाली गाड़ी नहीं पहुंच रही। ऐसे में इलाके में कई जगह कूड़े के ढेर लग गए हैं। गंदगी की वजह से इलाके में संक्रामक बीमारियों के फैलने का खतरा भी बढ़ गया है। स्थिति इतनी विकट हो गई है कि कुछ लोगों ने मजबूरन खाली प्लॉटों और सड़कों के किनारे कूड़ा फेंकना शुरू कर दिया है। केशवपंज RWA के प्रधान सतीश जोशी का कहना है कि बिना किसी सूचना के अचानक गाड़ी आनी बंद हो जाती है, इससे पूरे क्षेत्र की सफाई व्यवस्था ठप हो गई है। कई बार शिकायतें दी, लेकिन समाधान नहीं हुआ।

इधर, मामले को लेकर नगर निगम के स्वच्छता सुपरवाइजर देवेंद्र का कहना हैकि क्षेत्र में कूड़ा गाड़ी न आने का मुख्य कारण ड्राइवरों का अचानक छुट्टी पर चले जाना था। अब ड्राइवर लौट आए हैं। अब गाड़ी अपने निर्धारित समय पर इलाके में पहुंचनी शुरू हो जाएगी और सारा जमा कूड़ा सही तरीके से उठा लिया जाएगा। भविष्य में इस तरह की समस्या न आए, इसका पूरा ध्यान रखा जाएगा। इलाके के लोगों को असुविधा नहीं होने दी जाएगी।