n NBT न्यूज, दनकौर : दनकौर क्षेत्र के नोरंगपुर गांव में शनिवार दोपहर आग से चार गोवंशों की मौत हो गई। किसान बिजेंद्र के खेत पर बनी झोपड़ी में अचानक लगी भीषण आग की चपेट में आने से चार गोवंश की झुलसकर मौत हो गई। दोपहर के समय लगी इस आग ने तेज हवाओं के कारण विकराल रूप ले लिया। बिजेंद्र ने शोर मचाया, जिसे सुनकर ग्रामीण मौके पर जुटे और कड़ी मशक्कत के बाद पानी व अन्य संसाधनों से आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक चारों बेजुबान दम तोड़ चुके थे। पीड़ित किसान ने इस संबंध में पुलिस को तहरीर देकर एक व्यक्ति के खिलाफ साजिश का आरोप लगाया है। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना किया और जांच शुरू कर दी है। पीड़ित किसान ने प्रशासन से आर्थिक सहायता की गुहार लगाई है। पुलिस का कहना है कि आग लगने के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा रहा है और तहरीर के आधार पर उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


