n NBT रिपोर्ट, कृष्णा चौक
पालम विहार थाना एरिया के कृष्णा चौक के पास गुरुवार देर रात एक तेज रफ्तार वाहन ने टहल रहे युवक को टक्कर मार दी। हादसे में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे सिविल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मृतक के भाई के बयान पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
आगरा के दयाल बाग स्थित पुरुषोत्तम बाग कॉलोनी निवासी अमित सिंह ने बताया कि उसका छोटा भाई अर्पित सिंह गुड़गांव की एक प्राइवेट कंपनी में काम करता था। अर्पित पालम विहार एरिया में ही किराये पर रहता था। गुरुवार रात 12:15 बजे अर्पित खाना खाने के बाद कमरे से टहलने के लिए कृष्णा चौक की तरफ निकला था। जब अर्पित कृष्णा चौक से सी-2 गेट की तरफ जा रहा था, तभी पीछे से आए एक अज्ञात वाहन ने उसे तेज रफ्तार और लापरवाही से चलाते हुए टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि अर्पित सड़क किनारे जा गिरा। मौके पर मौजूद लोगों ने उसे तुरंत सेक्टर-10 स्थित सिविल अस्पताल पहुंचाया, लेकिन सिर और शरीर पर लगी गंभीर चोटों के कारण उसकी जान नहीं बच सकी। अस्पताल से सूचना मिलने के बाद शव को शिनाख्त के लिए मोर्चरी में रखवाया गया था। शुक्रवार को परिजनों के पहुंचने पर शव का पोस्टमार्टम कराकर उन्हें सौंप दिया गया है। पुलिस आसपास के लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है, जिससे आरोपी वाहन चालक की पहचान की जा सके।


