n NBT न्यूज, दादरी : बादलपुर के धूममानिकपुर बाईपास पर शुक्रवार रात हुए हादसे में कक्षा 8 के छात्र मोहम्मद उमर की मौत के मामले में पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। यह दुर्घटना तब हुई जब तेज रफ्तार ट्रक ने रोडवेज बस से उतर रहे तीन छात्रों को टक्कर मार दी, जिसमें दो अन्य छात्र घायल हो गए। मृतक उमर (13) जेवर का रहने वाला था और जवाहर नवोदय विद्यालय, धूममानिकपुर में पढ़ता था। वह स्कूल की ओर से संभल में आयोजित एक खेल प्रतियोगिता में हिस्सा लेकर लौट रहा था। एसएचओ बादलपुर अमित कुमार भड़ाना ने बताया कि ट्रक को कब्जे में ले लिया गया है और फरार चालक की तलाश के लिए टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।


