ESI फर्ज़ीवाड़ा : पानीपत के छह अस्पताल होंगे पैनल से आउट

नवभारतटाइम्स.कॉम

पानीपत के छह निजी अस्पतालों को ईएसआई हेल्थ केयर सिस्टम में फर्ज़ीवाड़े के चलते पैनल से हटा दिया गया है। रेफरल दस्तावेजों में गड़बड़ी पाई गई है। इस मामले में ईएसआई अस्पताल के तीन कर्मचारियों को निलंबित किया गया है। पांच मेडिकल सुपरिटेंडेंट पर भी कार्रवाई होगी। पूरे प्रदेश के 133 निजी अस्पतालों की जांच एंटी करप्शन ब्यूरो करेगी।

ESI फर्ज़ीवाड़ा : पानीपत के छह अस्पताल होंगे पैनल से आउट

NBT न्यूज, चंडीगढ़

हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने शनिवार को ईएसआई हेल्थ केयर सिस्टम में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने के लिए कड़े निर्देश जारी करते हुए कहा कि किसी भी स्तर पर लापरवाही या भ्रष्टाचार को सहन नहीं किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने शनिवार को हरियाणा सिविल सचिवालय में ईएसआई हेल्थ केयर हरियाणा की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे।

मुख्यमंत्री ने पानीपत के ईएसआई अस्पताल से जुड़े मामलों पर अधिकारियों को निर्देश दिए कि पानीपत के छह निजी अस्पतालों को तुरंत डी-पैनल किया जाए, इस पर अमल करते हुए विभाग ने अस्पतालों को नोटिस जारी कर दिया है।

इन अस्पतालों ने वर्ष 2020-21 से 2023-24 के दौरान ज्यादा से ज्यादा केस रेफ किए थे। रेफरल दस्तावेजों पर डॉक्टरों के हस्ताक्षरों में गड़बड़ी पाई गई। इस पूरे मामले में शामिल पानीपत ईएसआई अस्पताल के संबंधित 3 कर्मचारियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। साथ में ही 5 मेडिकल सुपरिटेंडेंट के खिलाफ भी अनुशासनात्मक कार्रवाई शुरू कर दी है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इस मामले की निष्पक्ष और गहन जांच के लिए एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) को जिम्मेदारी सौंपी जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि प्रदेश भर में ईएसआई के पैनल पर शामिल अन्य 133 निजी अस्पतालों के रिकॉर्ड की भी एसीबी द्वारा जांच करवाई जाए, ताकि किसी भी प्रकार की अनियमितता का समय रहते पता लगाया जा सके।

रेकमेंडेड खबरें