n NBT न्यूज, हापुड़
थाना सिंभावली क्षेत्र निवासी एक शख्स से चार लोगों ने धन दोगुना करने का लालच देकर ढाई लाख रुपये ठग लिए थे। मामले का पुलिस ने खुलासा कर पांच लोगों को गिरफ्तार कर लिया। उनके पास से 84 हजार रुपये और बाइक बरामद की है।
सिखेड़ा गांव के लताफत ने बताया कि जिला बुलंदशहर के एक शख्स की जमीन को ठेके पर लेकर परिवार का भरण पोषण कर रहे हैं। करीब डेढ़ माह पहले एक व्यक्ति बाइक से खेत पर पहुंचा। वह जमीन खरीदने की बात करने लगा। उसके बाद वह कई बार मेरे पास आया और अपनी बातों में उलझा लिया। गोटी खिलाकर रकम दोगुनी करने का लालच देकर मुझे फंसा लिया। 11 मार्च को छिजारसी टोल के पास एक होटल में बुलाया। वहां मोदीनगर निवासी जावेद अपने तीन साथियों के साथ मौजूद था। आरोपी ने कहा कि गोटी के खेल में पैसा लगा दो, दोगुने रुपये मिलेंगे।
आरोपी की बातों में आकर पीड़ित ने ढाई लाख रुपए दे दिए। जब काफी दिनों तक रुपये वापस नहीं आए तो ठगी का अहसास हुआ। बाद में पुलिस को शिकायत दी गई। थाना प्रभारी निरीक्षक सुरेश कुमार ने बताया कि मामले में ठगी करने वाले अंतरजनपदीय गिरोह के पांच सदस्यों मेरठ निवासी आस मौहम्मद, शहजाद सक्के, महताब सक्के व अमरोहा निवासी कामेश व अविनाश उर्फ गोलू को गिरफ्तार कर 84,300 रुपये नकदी व बाइक बरामद की है।

