n NBT रिपोर्ट, टीएचए
इंदिरापुरम के कनावनी अग्निकांड के तीसरे दिन एक बार फिर से यहां झुग्गियां बसनी शुरू हो गई है। वहीं, शनिवार को समाज कल्याण राज्य मंत्री असीम अरुण प्रभावित परिवारों से मिलने के लिए पहुंचे। उन्होंने प्रभावित 285 परिवारों को राहत सामग्री और 5-5 हजार रुपये का चेक दिया। इसी दौरान एक व्यक्ति मंत्री के सामने आया और उसने आरोप लगाया कि एक बच्चे की आग की चपेट में आने से मौत हुई है और उसके परिवार को पुलिस ने गायब कर दिया है। आग से प्रभावित अन्य परिवारों ने भी मंत्री के सामने अपनी समस्याएं रखीं। उन्होंने प्रभावित परिवारों को आश्वासन दिया है कि एक दिन नहीं, एक साल तक उनके साथ हैं, जब तक वह पहले की तरह नहीं हो जाते। वहीं, लोगों ने इंतजाम को नाकाफी बताते हुए कहा कि बिना बर्तन और गैस खाना कैसे बनाएंगें। बता दें कि कनावनी में झुग्गियों में 16 अप्रैल को आग लग गई थी।
बच्चे की हुई मौत, पुलिस पर आरोप:
मंत्री के दौरे के दौरान पर एक शख्स ने आरोप लगाते हुए कहा कि आग में जलकर एक बच्चे की मौत हुई है, लेकिन उसके परिवार को पुलिस ने गायब कर दिया है। व्यक्ति ने बताया यहां पर कुछ खास सुविधा नहीं है।
मालिक दे सकता है झुग्गी की अनुमति:
झुग्गियां बसने के सवाल पर मंत्री ने कहा कि यदि जमीन किसी की प्राइवेट है, तो वह वहां किसी को भी रहने की अनुमति दे सकता है। सरकारी जमीन पर झुग्गी बसने के सवाल का जवाब मंत्री ने गोलमोल लहजे में देते हुए कहा कि सरकार और प्रशासन नियमानुसार मदद करते हैं।


