n नवीन निश्चल, द्वारका
उत्तम नगर थाने के SHO को लाइन हाजिर किया गया है। पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार यह कार्रवाई जिला मुख्यालय से प्रशासनिक कार्रवाई के तहत की गई है, तरुण हत्याकांड को लेकर नहीं हुई है। लेकिन हर तरफ कयास यही लगाए जा रहे हैं कि जिस तरीके से तरुण हत्याकांड का मामला शुरू में कंट्रोल नहीं हुआ। उस कारण लंबे समय तक पुलिस को कानून व्यवस्था संभालने में परेशान होना पड़ा।
जानकारी के अनुसार पिछले दिनों जिले की ऑपरेशन सेल की एक यूनिट की टीम ने 20 लाख से ज्यादा कीमत की ड्रग्स उत्तम नगर से बरामद की थी। जिसे लेकर यह कार्रवाई की गई है, क्योंकि गृह मंत्री ड्रग्स फ्री भारत अभियान को लेकर लगातार कदम उठा रहे हैं। उसी को देखते हुए मार्च में द्वारका जिले की कमान संभालने वाले नए डीसीपी कुशल पाल सिंह भी ड्रग्स सहित अन्य मामलों को लेकर काफी सख्त हैं। इसलिए ऑपरेशन सेल की टीम को जिला क्षेत्र में सूचना इकट्ठा करके कार्रवाई करने का निर्देश दे रखा है। टीम ने लाखों की ड्रग्स बरामद की थी। उसके बाद उत्तम नगर थाने के SHO को लाइन हाजिर कर दिया गया।
द्वारका जिले के छावला थाने के SHO को भी पुलिस लाइन भेजा गया है। वहां, भी एक बच्ची से दुष्कर्म के बाद काफी हंगामा हुआ था। कई दिनों के बाद मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार किया गया था।
पुलिस सूत्रों के अनुसार छावला इलाके में पिछले कुछ दिनों में ऐसी घटनाएं हुईं, जिसमें जिले के आला अधिकारियों को लगा कि थाना स्तर पर काफी लापरवाही बढ़ती जा रही है। मामले की जानकारी सही तरीके से अधिकारियों को नहीं दी जा रही है। इसी कारण SHO पर प्रशासनिक कार्रवाई की गई।


