विज का दखल, आर्मी अफसर के बेटे की हत्या का केस दर्ज

नवभारतटाइम्स.कॉम

अंबाला में दो महीने पुराने एक मामले में अब हत्या का केस दर्ज हुआ है। मंत्री अनिल विज के हस्तक्षेप के बाद पुलिस ने यह कार्रवाई की है। मृतक के पिता ने मकान मालिक और उसके साथियों पर हत्या का आरोप लगाया है। पहले इस मौत को हादसा माना जा रहा था। पुलिस अब मामले की जांच कर रही है।

विज का दखल, आर्मी अफसर के बेटे की हत्या का केस दर्ज

NBT न्यूज,अंबाला

अंबाला के महेश नगर स्थित लेखी कॉम्प्लेक्स में करीब दो महीने पहले हुई भारत इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड (BEL) के डिप्टी इंजीनियर राहुल मिश्रा की मौत के मामले में अब पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज किया है। इसको लेकर एक दिन पहले ही मृतक के पिता (एयरफोर्स ऑफिसर) ने मंत्री अनिल विज से मिलकर न्याय की गुहार लगाई थी।

युवक के पिता ने शनिवार को आरोप लगाया कि मकान मालिक और उसके बेटे ने अपने चार साथियों के साथ मिलकर उनके बेटे की हत्या की। मंत्री की फटकार के बाद पुलिस ने हत्या का केस दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी। पहले राहुल मिश्रा की मौत को हादसा मान कर कार्रवाई की गई थी।

यूपी के लखनऊ निवासी विनोद कुमार मिश्रा, जो भारतीय वायु सेना में जेडब्ल्यूओ (JWO) के पद पर तैनात हैं, ने पुलिस को दी नई शिकायत में बताया कि उनका 25 वर्षीय बेटा राहुल मिश्रा आकाश मिसाइल यूनिट में डिप्टी इंजीनियर था। 6 फरवरी 2026 को उसकी लाश लेखी कॉम्प्लेक्स की पार्किंग में मिली थी। उस समय मकान मालिक केएस लेखी ने इसे छत से गिरकर हुई मौत बताया था।

पिता विनोद का आरोप है कि राहुल डेढ़ साल से वहां रह रहा था और हर महीने नकद किराया देता था, लेकिन घटना के बाद मकान मालिक ने उसे पहचानने से इनकार कर दिया, जो गहरी साजिश की ओर इशारा करता है।पिता ने राहुल के शरीर पर मिली चोटों का जिक्र करते हुए इसे मारपीट का मामला बताया है।

विनोद मिश्रा का कहना है कि राहुल की बाईं आंख काली पड़ी हुई थी। सीधी पसली के नीचे नीले निशान थे और कंधा उतरा हुआ था।