n NBT न्यूज,लखनऊ : चारबाग रेलवे स्टेशन के सामने लगने वाले जाम से राहत दिलाने के लिए ट्रैफिक पुलिस द्वारा शुरू किया गया नया प्रयोग सोमवार को सफल होता नजर आया। रवींद्रालय तिराहे और गुप्ता तिराहे पर डिवाइडर कट बंद कर बनाई गई डायवर्जन व्यवस्था के चलते दिनभर यातायात सुचारू रूप से चलता रहा और कहीं भी जाम की स्थिति नहीं बनी।
यातायात विभाग ने हजरतगंज के अटल चौक की तर्ज पर चारबाग क्षेत्र में डिवाइडर कट बंद कर ट्रैफिक को डायवर्ट करने का प्रयोग रविवार से शुरू किया था। नई व्यवस्था के तहत आलमबाग, नत्था तिराहा और गुप्ता तिराहे से आने वाले वाहन अब रवींद्रालय तिराहे से सीधे आगे बढ़ते हैं और मेट्रो अंडरपास के सामने बने कट से यू-टर्न लेकर चारबाग रेलवे स्टेशन की ओर जाते हैं। वहीं, स्टेशन से हजरतगंज जाने वाले वाहन फुट ओवरब्रिज के नीचे गुप्ता तिराहे से यू-टर्न लेकर आगे बढ़ रहे हैं। सोमवार को इस व्यवस्था का असर साफ दिखाई दिया। आम दिनों में जाम से जूझने वाला चारबाग क्षेत्र पूरी तरह जाम मुक्त नजर आया और वाहनों की आवाजाही बिना रुकावट के चलती रही। इसके पीछे ट्रैफिक पुलिस की कड़ी मेहनत भी अहम रही।
टीएसआई सरताज खान, रजनीश कुमार और ट्रैफिक सिपाही सौरभ कुमार दिनभर मौके पर डटे रहे। तीनों पुलिसकर्मियों ने लाउडस्पीकर के जरिए लगातार वाहन चालकों को दिशा-निर्देश दिए और बेतरतीब खड़े सवारी वाहनों को हटवाया, जिससे नई व्यवस्था प्रभावी तरीके से लागू हो सकी।


