n NBT न्यूज, लखनऊ : महिगवां थाना क्षेत्र में युवक की संदिग्ध मौत के मामले में पुलिस ने उसके दोस्त, दोस्त के भाई और भाभी को गिरफ्तार किया है। मृतक की पहचान कुम्हरावा स्थित रमपुरवा मजरा निवासी 25 वर्षीय सौरभ रावत के रूप में हुई है। वह 10 अप्रैल को मजदूरी के लिए केरल जाने की बात कहकर घर से निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा। 15 अप्रैल को उसकी मां मनोरमा ने गुमशुदगी दर्ज कराई।
तलाश के दौरान पुलिस को पता चला कि 12 अप्रैल को तमिलनाडु के जौलारपेट्टई रेलवे जंक्शन पर ट्रेन की चपेट में आने से सौरभ की मौत हो गई थी। परिवार ने इसे संदिग्ध मानते हुए हत्या का आरोप लगाया और रविवार को कुम्हरावां चौराहे पर प्रदर्शन किया। इसके बाद पुलिस ने मां की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया। इंस्पेक्टर राम कुमार गुप्ता के मुताबिक, हत्या के आरोप में बाराबंकी के कुर्सी पलेहटी निवासी अखिलेश, कमलेश और कमलेश की पत्नी प्रीति को सोमवार को गिरफ्तार किया गया। पुलिस पूछताछ में आरोपितों ने अलग-अलग बयान दिए। पुलिस ने बताया कि तमिलनाडु में पोस्टमॉर्टम कराया गया है, जिसकी रिपोर्ट का इंतजार है।
पत्नी की हत्या के आरोप में गिरफ्तार
n NBT न्यूज़, गोसाईंगंज : सुशांत गोल्फ सिटी पुलिस ने पत्नी की हत्या के आरोप में फरार चल रहे पति को सोमवार को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। पुलिस के अनुसार 19 अप्रैल को बाराबंकी निवासी ब्रजेश कुमार ने तहरीर देकर अपने बहनोई विजय कुमार पर दहेज के लिए प्रताड़ना और हत्या का आरोप लगाया था। आरोपित विजय कुमार सुशांत गोल्फ सिटी की बसेरा कॉलोनी में परिवार के साथ रहता था। जांच के दौरान पुलिस ने आरोपित को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया।


