Ayodhya Cantonment Board Assistant Sanitation Inspector Arrested By Cbi Taking Bribe For Job
नौकरी के बदले मांगी रिश्वत, CBI ने रुपये लेते दबोचा
Contributed by: Ankur.Tiwari|नवभारतटाइम्स.कॉम•
n NBT रिपोर्ट, लखनऊ : सीबीआई की एंटी करप्शन ब्रांच, लखनऊ ने अयोध्या छावनी परिषद के सहायक सफाई निरीक्षक जितेंद्र सिंह को 60 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया है। आरोपित पर हाउसकीपिंग कर्मचारियों की भर्ती करवाने के बदले अवैध धनराशि मांगने का आरोप है। सीबीआई ने उसके खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत एफआईआर दर्ज की है।
सीबीआई की एफआईआर के अनुसार, शिकायतकर्ता बिनीश कुमार ने 30 जुलाई 2026 को सीबीआई को लिखित शिकायत दी थी कि छावनी परिषद में हाउसकीपिंग कर्मचारियों की भर्ती के लिए जितेंद्र सिंह अभ्यर्थियों से रुपये मांग रहा है। शिकायतकर्ता के मुताबिक, 28 जुलाई को अपने कुछ परिचितों को नौकरी दिलवाने के संबंध में हुई बातचीत के दौरान आरोपित ने प्रति कर्मचारी 20 हजार रुपये मांगे। साथ ही निर्धारित संख्या में अभ्यर्थियों के दस्तावेज जमा करवाने को कहा, अन्यथा भर्ती नहीं होगी। इस शिकायत पर छानबीन करने के बाद सीबीआई ने आरोपित जितेंद्र सिंह को 60 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए पकड़ लिया गया। उससे पूछताछ की जा रही है।