कांग्रेस का बूथ फोकस: तीन बैठकों से गैरहाजिर पदाधिकारियों की होगी छुट्टी

नवभारतटाइम्स.कॉम
congress booth focus absent officials from three meetings will be removed preparation for tightening organization
n NBT रिपोर्ट, फरीदाबाद

हरियाणा कांग्रेस ने संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने की कवायद तेज कर दी है। इसी क्रम में प्रदेश कांग्रेस प्रभारी संजय दत्त और प्रदेश अध्यक्ष राव नरेंद्र ने गुरुवार को फरीदाबाद में छह विधानसभा क्षेत्रों के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ मैराथन बैठक कर संगठन की स्थिति का फीडबैक लिया। बैठक में साफ संदेश दिया गया कि पार्टी में अनुशासनहीनता बर्दाश्त नहीं होगी और लगातार तीन संगठनात्मक बैठकों से गैरहाजिर रहने वाले पदाधिकारियों को हटाकर सक्रिय कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी दी जाएगी। जिला कांग्रेस कार्यालय में हुई बैठक में दोनों नेताओं ने एक-एक कर पदाधिकारियों से बूथ प्रबंधन, संगठन विस्तार और आगामी चुनावों की रणनीति पर चर्चा की। उन्होंने स्पष्ट किया कि पार्टी में अनुशासन सर्वोपरि है और किसी भी प्रकार की अनुशासनहीनता स्वीकार नहीं की जाएगी। राव नरेंद्र ने चेतावनी देते हुए कहा कि जो पदाधिकारी लगातार तीन बैठकों में अनुपस्थित रहेंगे, उन्हें संगठन से बाहर कर नए और सक्रिय कार्यकर्ताओं को मौका दिया जाएगा। बैठक में पूर्व सांसद अवतार सिंह भड़ाना ने कहा कि संगठन तभी मजबूत होगा जब जमीनी कार्यकर्ताओं को सम्मान मिलेगा। जिला कांग्रेस अध्यक्ष बलजीत कौशिक ने जिले में संगठनात्मक गतिविधियों की जानकारी देते हुए भरोसा दिलाया कि फरीदाबाद में कांग्रेस को बूथ स्तर तक मजबूत करने के लिए लगातार काम किया जा रहा है।