Up Police Constable Recruitment 2025 Written Exam Result Released 76184 Candidates Successful For Dv pst
लिखित परीक्षा का रिजल्ट जारी, 76,184 अभ्यर्थी डीवी-पीएसटी के लिए सफल
Contributed by: Ankur.Tiwari|नवभारतटाइम्स.कॉम•
n NBT रिपोर्ट, लखनऊ : उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड ने सिपाही सिविल पुलिस एवं समकक्ष पदों की सीधी भर्ती-2025 की लिखित परीक्षा का परिणाम जारी कर दिया है। 32,679 पदों के लिए हुई परीक्षा में 76,184 अभ्यर्थियों को दस्तावेज सत्यापन (डीवी) और शारीरिक मानक परीक्षण (पीएसटी) के लिए सफल घोषित किया गया है।
भर्ती के लिए कुल 28,86,797 आवेदन प्राप्त हुए थे, जिनमें 19,62,560 पुरुष और 9,24,237 महिला अभ्यर्थी थे। लिखित परीक्षा 8, 9 और 10 जून 2026 को छह पालियों में करवाई गई थी। अलग-अलग शिफ्टों के कारण नियमानुसार अंकों का नॉर्मलाइजेशन किया गया। इसके बाद न्यूनतम अर्हकारी अंक, मेरिट और आरक्षण के आधार पर अभ्यर्थियों का चयन हुआ। अनारक्षित वर्ग के लिए न्यूनतम अंक 30 प्रतिशत, ईडब्ल्यूएस और ओबीसी के लिए 25 प्रतिशत तथा एससी-एसटी के लिए 20 प्रतिशत तय थे। कटऑफ के बराबर अंक पाने वालों को भी सूची में शामिल किया गया है। अभ्यर्थी बोर्ड की वेबसाइट पर रजिस्ट्रेशन नंबर और जन्मतिथि से परिणाम देख सकते हैं। डीवी-पीएसटी प्रक्रिया 17 अगस्त 2026 से प्रस्तावित है। केंद्र, तारीख और समय की जानकारी वेबसाइट पर जारी होगी। फाइनल आंसर की 5 अगस्त 2026 तक देखी जा सकेगी।