Noida Two Notorious Thieves Arrested With 7 Stolen Bikes Knife Recovered From One
चोरी की 7 बाइकों के साथ दो आरोपी अरेस्ट
नवभारतटाइम्स.कॉम•
n NBT रिपोर्ट, नोएडा
सेक्टर-58 थाना पुलिस ने बाइक चोरी के आरोप में दो युवकों को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे और निशानदेही पर चोरी की सात बाइक, एक इलेक्ट्रिक स्कूटी बरामद हुई। वहीं, एक आरोपी के पास से अवैध चाकू भी मिला है। बरामद वाहनों में कुछ की चोरी दिल्ली और गाजियाबाद से होना सामने आया है, जबकि अन्य वाहनों के संबंध में पुलिस जानकारी जुटा रही है।एडीसीपी मनीषा सिंह ने बताया कि सेक्टर-57 चौकी क्षेत्र में वाहन चेकिंग और गश्त के दौरान अग्रवाल तिराहे के पास मुखबिर से सूचना मिली कि वाहन चोरी की घटनाओं में शामिल दो युवक रेडिसन होटल कट के पास एक स्प्लेंडर बाइक के साथ किसी वारदात की फिराक में खड़े हैं। सूचना पर पुलिस टीम ने घेराबंदी की। पुलिस को देखते ही दोनों आरोपी बाइक मोड़कर भागने लगे, लेकिन उन्हें सर्विस रोड स्थित सार्वजनिक शौचालय के पास पकड़ लिया गया। पूछताछ में आरोपियों ने अपनी पहचान एकांत उर्फ मोनू (20) निवासी मयूर विहार फेज-3, दिल्ली (मूल निवासी बागपत) और टीटू (22) निवासी न्यू कोंडली दिल्ली (मूल निवासी बुलंदशहर) के रूप में बताई। तलाशी के दौरान टीटू से एक अवैध चाकू बरामद हुआ, जिस स्प्लेंडर बाइक पर दोनों सवार थे, उसकी जांच में पता चला कि वह दिल्ली से चोरी की गई थी और उसके संबंध में ई-एफआईआर दर्ज है। चोरी के वाहनों को बेचने से पहले सेक्टर-58 स्थित ए-4 ब्लॉक के सामने ग्रीन बेल्ट में छिपाकर रखते थे।