Ai Screen To Expose Challan Defaulters Now You Cant Escape
AI वाली स्क्रीन दिखाएगी, आपने चालान भरा या नहीं
Contributed by: Surender.Singh|नवभारतटाइम्स.कॉम•
n NBT रिपोर्ट, सोहना चौक
अगर आप ट्रैफिक नियम तोड़ने के बाद चालान अनदेखा कर रहे हैं तो सावधान हो जाएं। ऐसे डिफॉल्टर वाहन चालकों की गाड़ी का रजिस्ट्रेशन नंबर और बकाया राशि अब सार्वजनिक स्थान पर लगी आर्टिफिशल इंटेलिजेंस (AI) वाली स्क्रीन पर डिस्प्ले होगी। इसके लिए ट्रैफिक पुलिस प्रशासन ने शहर के सोहना चौक पर एक स्क्रीन लगाई है। यह स्क्रीन चौक से गुजरने वाले हर वाहन का नंबर रियल टाइम में रीड करके डिटेल डिस्प्ले करेगी। अभी इस सिस्टम का ट्रायल चल रहा है। इसी सप्ताह इस स्क्रीन को शुरू कर दिया जाएगा।चौक से निकलने वाली हर गाड़ी होगी चेक: ट्रैफिक पुलिस प्रशासन की ओर से इससे पहले भी 90 दिन से अधिक बकाया चालान वाले वाहनों के खिलाफ ड्राइव चलाया हुआ है। 15 से अधिक वाहन इसके तहत जब्त किए जा चुके हैं। इन वाहनों पर 15 लाख से अधिक की चालान राशि बकाया थी। अब ट्रैफिक पुलिस ने डिफॉल्टरों के खिलाफ नया तरीका अपनाने का प्लान बनाया है। बकाया वाहन चालकों की गाड़ी का रजिस्ट्रेशन नंबर और बकाया रकम की डिटेल अब सार्वजनिक स्थान पर डिस्प्ले होगी। इसके लिए पुलिस कमिश्नर ऑफिस के निकट एक एआई बेस्ड स्क्रीन लगाई है। इस बड़ी स्क्रीन पर चौक से निकलने वाली हर गाड़ी का नंबर चेक होगा। इसके बाद जिसका चालान बकाया है, उसका नंबर बोल्ड करके पूरी स्क्रीन पर डिस्प्ले होगा। इसके नीचे बकाया चाालान राशि भी डिस्प्ले होगी। बकाया चालान रिकवरी के लिए इस तरह की स्क्रीन शहर के हीरो होंडा चौक, राजीव चौक, सोहना रोड, एमजी रोड आदि एरिया में भी लगाई जाएंगी। करीब 25 लाख रुपये की लागत इस स्क्रीन पर आई है। सीएसआर फंड के तहत इसे लगाया गया है।