Anger Erupts Over Power Cuts People Block Spr Questions Raised On System
बिजली कटौती से फूटा गुस्सा, लोगों ने SPR पर लगाया जाम
नवभारतटाइम्स.कॉम•
n NBT न्यूज, गुड़गांव
बिजली कटौती से नाराज लोग रविवार रात सड़कों पर उतर आए। लोगों ने जाम लगाकर नाराजगी जताई कि रोज पावर कट के बावजूद समस्या का समाधान नहीं किया जा रहा है। सेक्टर-76 की सनसिटी एवेन्यू सोसायटी में बिजली कटौती के बाद लोग इकट्ठे हुए। लोगों ने सदर्न पेरिफेरल रोड (SPR) पर जाम लगा दिया। वहीं, द्वारका एक्सप्रेसवे स्थित सेक्टर-99ए की सात सोसायटियों में भी 5 हजार परिवार दो घंटे तक बिजली आपूर्ति बाधित रहने से परेशान रहे। एक ही रात में शहर के दो अलग-अलग इलाकों में सामने आए इन घटनाक्रमों ने बिजली व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।सनसिटी एवेन्यू सोसायटी के रेजिडेंट्स का आरोप है कि पिछले कई दिन से रात के समय बार-बार बिजली कट रही है। भीषण उमस के बीच घंटों बिजली नहीं रहने से बच्चों, बुजुर्गों और वर्क फ्रॉम होम करने वाले लोगों को सबसे ज्यादा परेशानी झेलनी पड़ रही है। कई बार शिकायत करने के बावजूद समाधान नहीं होने से नाराज लोग देर रात बाहर निकलकर SPR पर पहुंच गए और प्रदर्शन शुरू कर दिया। लोगों ने सोसायटी प्रबंधन के खिलाफ नारेबाजी की।