Fraud Possible Even Without Otppin Rs 1474 Lakh Siphoned Off By Sending A File Know How To Avoid
न मांगा OTP, न PIN...एक फाइल भेजी और उड़ा लिए 14.74 लाख
नवभारतटाइम्स.कॉम•
nNBT रिपोर्ट, फरीदाबाद
अगर आप यह सोचते हैं कि अपना ओटीपी या पिन किसी को न बताकर आपका बैंक खाता सुरक्षित है, तो आप गलत हैं। साइबर अपराधियों ने अब ऐसे हथियार तैयार कर लिए हैं जो बिना आपकी अनुमति के आपके मोबाइल में घुसकर चंद मिनटों में खाता खाली कर देते हैं। फरीदाबाद के एनआईटी क्षेत्र में पिछले कुछ दिनों में ठगी के ऐसे ही 7 चौंकाने वाले मामले सामने आए। पहला मामला ओल्ड जनता कॉलोनी का है, जहां व्यक्ति को खुद को एसबीआई का कर्मचारी बताने वाले ठग ने वॉट्सऐप कॉल की। ठग ने केवाईसी अपडेट कराने के नाम पर मोबाइल की स्क्रीन शेयर करवा ली। स्क्रीन शेयर होते ही पीड़ित के मोबाइल का कंट्रोल ठग के पास पहुंच गया। पीड़ित ने न तो ओटीपी बताया और न ही सीवीवी, फिर भी एसबीआई और आरबीएल बैंक के क्रेडिट कार्ड से 3.88 लाख रुपये उड़ा लिए गए।
फोन हैक कर कॉल फॉरवर्ड की फाइल : एनआईटी-5 और जवाहर कॉलोनी के निवासियों को ठगों ने बैंक कर्मचारी बन वॉट्सऐप पर एपीके फाइल भेजी। फाइल ने फोन को हैक कर लिया। इससे ट्रांजैक्शन मैसेज और ओटीपी ठगों के पास पहुंचने लगे। इस तरीके से दो पीड़ितों को 2.31 लाख और 2.14 लाख रुपये का चूना लगाया गया।
ऑनलाइन किताबें बेचना पड़ा महंगा : ग्रीन वैली की महिला ने बेटी की किताबें ओएलएक्स पर बेचने के लिए डाली थीं। ठग ने पहले कुछ रुपये वापस भेजे और फिर पेमेंट रिसीव करने के नाम पर महिला से ही 1.80 लाख रुपये किश्तों में ट्रांसफर करा लिए। ग्रीनफील्ड निवासी से कंप्यूटर पार्ट्स के नाम पर 1.40 लाख ठगे गए। एनआईटी निवासी को शेयर बाजार में मुनाफे का लालच देकर फर्जी डीमैट अकाउंट खुलवाया गया। पीड़ित ने 1.26 लाख निवेश किए, जिसे बाद में ठगों ने जीरो बता दिया। सेक्टर-21सी निवासी के भी खाते से 1.95 लाख रुपये निकाल लिए गए।