नहीं मिला संदिग्ध कनेक्शन, पुलिस ने छात्र को छोड़ा

नवभारतटाइम्स.कॉम
नहीं मिला संदिग्ध कनेक्शन, पुलिस ने छात्र को छोड़ा
nNBT न्यूज, अयोध्या

राजर्षि दशरथ मेडिकल कॉलेज के पैरामेडिकल छात्र मो. सरफराज का कोई संदिग्ध कनेक्शन नहीं मिलने पर पुलिस ने छोड़ दिया। बम बनाने के तरीके वाला नोट मिलने पर छात्र को हिरासत में लिया गया था। हालांकि 26 घंटे की पूछताछ के दौरान जांच एजेंसियों को कोई ऐसा प्रमाण नहीं मिला, जिससे किसी आतंकी गतिविधि, आपराधिक षड्यंत्र या सुरक्षा संबंधी खतरे की पुष्टि हो।
सीओ अयोध्या आशुतोष तिवारी के अनुसार जांच के दौरान छात्र के मोबाइल, लैपटॉप, कॉल रेकॉर्ड आदि की जांच की गई। इसमें कहीं कोई संदिग्ध गतिविधि नहीं पाई गई। पूछताछ में पता चला कि इंटरनेट पर फिल्म देखकर बम बनाने का विवरण नोट किया था। जांच के बाद परिवारीजनों से संपर्क किया गयाा। हालांकि उनके आने में देर लगने पर रविवार को मकान मालिक के सुपुर्द कर दिया गया। प्रभारी निरीक्षक पंकज सिंह ने बताया कि नोट में लिखी बातों के आधार पर बम तैयार नहीं किया जा सकता था। हालांकि मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच की जा रही है।