Record Donation Of 781 Crore At Shirdi Sai Baba Temple On Guru Purnima Over 3 Lakh Devotees Visited
साईबाबा मंदिर में गुरु पूर्णिमा पर "7.81 करोड़ का चढ़ावा, 3 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने किए दर्शन
नवभारतटाइम्स.कॉम•
nललित वत्स, शिरडी: शिरडी के श्री साईबाबा मंदिर में गुरु पूर्णिमा के तीन दिवसीय उत्सव के दौरान श्रद्धालुओं ने नकद, सोना, चांदी और ऑनलाइन माध्यमों से कुल 7 करोड़ 81 लाख 13 हजार 377 रुपये का चढ़ावा अर्पित किया। श्री साईबाबा संस्थान ट्रस्ट ने बताया कि दान की गणना 31 जुलाई से समाधि मंदिर के भूमिगत कक्ष में शुरू की गई।
ट्रस्ट के अनुसार, दक्षिणा पेटियों में 2.04 करोड़ रुपये, दान काउंटर पर 1.25 करोड़ रुपये, पीआरओ विभाग के माध्यम से 87.14 लाख रुपये और डेबिट-क्रेडिट कार्ड, ऑनलाइन, चेक, डीडी व मनी ऑर्डर के जरिए 2.07 करोड़ रुपये प्राप्त हुए। विदेशी मुद्रा के रूप में 5.65 लाख रुपये का दान मिला।इसके अलावा श्रद्धालुओं ने 1125.570 ग्राम सोना अर्पित किया, जिसकी कीमत 1.47 करोड़ रुपये आंकी गई है। वहीं 2376.500 ग्राम चांदी भी चढ़ाई गई, जिसका मूल्य 3.90 लाख रुपये बताया गया है।
गुरु पूर्णिमा उत्सव में तीन लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने साईबाबा के दर्शन किए। संस्थान के प्रसादालय में 1.94 लाख से ज्यादा भक्तों ने भोजन प्रसाद ग्रहण किया, जबकि 39,611 श्रद्धालुओं को अन्न पैकेट वितरित किए गए। दर्शन कतार में 1.65 लाख से अधिक श्रद्धालुओं को निशुल्क बूंदी प्रसाद दिया गया। वहीं सशुल्क प्रसाद पैकेटों की बिक्री से 71.07 लाख रुपये की आय हुई।
उत्सव के दौरान हजारों श्रद्धालुओं ने संस्थान के साईप्रसाद निवास, द्वारकावती निवास, साई आश्रम भक्त निवास और साई धर्मशाला में ठहरने की सुविधा का लाभ उठाया। दूर-दूर से पैदल 39 पालकियों के साथ पहुंचे साई भक्तों के लिए भी विशेष मंडप में ठहरने की व्यवस्था की गई।