पत्रकारपुरम में मलिक टिंबर स्थित जनता मार्केट के व्यापारी सार्वजनिक शौचालय पर ताला जड़े जाने के विरोध में रविवार को सड़क पर उतर आए। बड़ी संख्या में व्यापारियों ने नगर निगम और स्थानीय भाजपा पार्षद के खिलाफ नारेबाजी की। आरोप है कि राजीव गांधी प्रथम वॉर्ड के पार्षद संजय राठौर की शह पर नगर निगम के कर्मचारियों ने शौचालय पर ताला जड़ दिया है। इस कारण मार्केट के सैकड़ों व्यापारी व महिला कर्मचारियों को काफी समस्या हो रही है। व्यापारियों ने चेतावनी दी है कि जल्द से जल्द समस्या का समाधान नहीं हुआ तो दुकानों को बंद कर नगर निगम मुख्यालय के बाहर बड़ा प्रदर्शन करेंगे। जनता मार्केट के व्यापारी सत्य नारायण तिवारी ने बताया कि बीते दो महीने से सार्वजनिक शौचालय पर ताला है। इस कारण सबसे ज्यादा दिक्कत महिला व्यापारियों और कर्मचारियों को हो रही है। व्यापारी अनुज कुमार का कहना है कि मामले में नगर आयुक्त से लेकर स्थानीय पार्षद तक से शिकायत की जा चुकी है, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ है।
पार्किंग स्थल को बना दिया वेंडिंग ज़ोन : व्यापारी रमेश सिंह ने बताया कि मार्केट के बाहर एलडीए ने पार्किंग बनवाई थी, लेकिन नगर निगम ने यहां वेंडिंग जोन बना दिया है। इस कारण मार्केट के बाहर सड़क के दोनों तरफ ठेले-खोमचे लग गए हैं। बची सड़क पर शाम होते ही अराजक तत्व गाड़ियां रोककर शराब पीते हैं।
यूरिनल की एक महीने से सफाई नहीं : व्यापारी अशोक सोनी ने बताया कि शौचालय के ठीक बगल में एक यूरिनल है, जिसकी एक महीने से साफ-सफाई नहीं हुई है। इसकी बदबू से आसपास के दुकानदार परेशान हैं। महिलाओं के लिए बने यूरिनल में पार्षद ने ताला लगवा दिया है।
व्यापारी नेता संजय गुप्ता समस्या सुनने पहुंचे : प्रदर्शन की सूचना पाकर उप्र आदर्श व्यापार मंडल के प्रदेश अध्यक्ष संजय गुप्ता और पदाधिकारी मोहम्मद अफजल मौके पर पहुंचे। संजय ने आश्वासन दिया कि सोमवार को व्यापारियों का प्रतिनिधिमंडल मेयर सुषमा खर्कवाल से मुलाकात कर ज्ञापन देगा।