1.30 लाख साइकल खरीद पर AAP ने रखी जांच की मांग

नवभारतटाइम्स.कॉम
1.30 लाख साइकल खरीद पर AAP ने रखी जांच की मांग
n NBT रिपोर्ट, नई दिल्ली

आम आदमी पार्टी ने दिल्ली सरकार की 1.30 लाख साइकलों की खरीद में अनियमितताओं का आरोप लगाते हुए सरकार से मेक और मॉडल नंबर सार्वजनिक करने की मांग की है। सोमवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पार्टी के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने कहा कि अगर सरकार का दावा है कि उसने प्रति साइकल 6,957 रुपये में प्रीमियम मॉडल खरीदा है, तो यह जानकारी सार्वजनिक की जाए।
सौरभ ने सवाल किया कि जब एक वेंडर वही साइकलें 4100 रुपये में देने को तैयार था, तो सरकार ने 7000 रुपये में क्यों खरीदी? उन्होंने आरोप लगाया कि टेंडर पहले से तय बोलीदाता को फायदा पहुंचाने के लिए तैयार किया गया। भारद्वाज ने कहा कि अगर सरकार के पास छिपाने के लिए कुछ नहीं है तो तत्काल जांच के आदेश दे। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर सरकार जांच नहीं कराती और विपक्ष के सवालों का जवाब नहीं देती, तो यह माना जाएगा कि बाद में किसी अधिकारी को बलि का बकरा बनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि 1.30 लाख साइकलों जैसी बड़ी खरीद में थोक दरों के कारण कीमत और कम होनी चाहिए। AAP ने कहा कि अगर सरकार यह कहती है कि उसे कोई शिकायत नहीं मिली है, तो पार्टी औपचारिक शिकायत भी दर्ज कराएगी।