सीही गांव में सीवर ओवरफ्लो, सकड़ बनी तालाब

नवभारतटाइम्स.कॉम
sihi village sewer overflow roads turn into ponds serious crisis on health and sanitation
n NBT न्यूज, फरीदाबाद

सीही गांव में सीवर ओवरफ्लो की गंभीर समस्या से लोग लंबे समय से परेशान हैं। गांव की कई गलियों में सीवर का गंदा पानी सड़कों पर बह रहा है, जिससे लोगों का घरों से निकलना मुश्किल हो गया है। बदबू और गंदगी के कारण लोगों को स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों का भी सामना करना पड़ रहा है। वहीं जिला कांग्रेस अध्यक्ष बलजीत कौशिक अपने समर्थकों के साथ सीही गांव पहुंचे और नगर निगम अधिकारियों से समस्या का समाधान करने को कहा। लगातार शिकायतों के बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं होने से ग्रामीणों में नगर निगम के प्रति भारी नाराजगी है और कहना है कि सीवर के टैंकर आते हैं और सीवर के पानी को भर कर ले जाते हैं। इस तरह खेला करके निगम के उच्च अधिकारियों की आंखों में धूल झोंकने का काम किया जा रहा है।
संक्रामक बीमारियों का खतरा भी बढ़ा: लोगों का कहना है कि कई बार निगम में शिकायत दर्ज कराई जा चुकी है, लेकिन कर्मचारी केवल औपचारिकता निभाने के लिए मौके पर पहुंचते हैं और निरीक्षण करने के बाद बिना कोई ठोस कार्रवाई किए लौट जाते हैं। कुछ समय के लिए सफाई या सीवर की सफाई की जाती है, लेकिन कुछ ही दिनों बाद स्थिति फिर पहले जैसी हो जाती है। ग्रामीणों के अनुसार, बारिश के दिनों में हालात और भी बदतर हो जाती है। सीवर का पानी गलियों और सड़कों पर जमा होने से पैदल चलना तक मुश्किल हो जाता है। कई स्थानों पर गंदा पानी घरों के बाहर तक पहुंच जाता है, जिससे संक्रामक बीमारियों का खतरा भी बढ़ गया है।