30 Lakh Gold Stolen From Passenger Returned From Dubai Two Arrested Gang Busted
दुबई से आए यात्री का 30 लाख का सोना उड़ाया, दो गिरफ्तार
नवभारतटाइम्स.कॉम•
nNBT न्यूज, सरोजनीनगर : थाना पुलिस और डीसीपी दक्षिणी की सर्विलांस टीम ने दुबई से आए यात्री से करीब 30 लाख रुपये कीमत का 203.92 ग्राम सोने का कैप्सूल चोरी करने वाले गिरोह का खुलासा करते हुए दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से चोरी किया गया सोना बरामद कर लिया गया है, जबकि गिरोह के अन्य सदस्य फरार हैं। डीसीपी दक्षिणी ने कार्रवाई करने वाली टीम को 25 हजार रुपये के नगद पुरस्कार की घोषणा की है।
पुलिस के मुताबिक, बलिया निवासी महबूब आलम ने शिकायत दर्ज कराई थी कि 27 जुलाई को दुबई से अमौसी एयरपोर्ट पहुंचने पर बलरामपुर निवासी दीपक वर्मा, राम प्रताप दुबे, पंजाब निवासी अर्शदीप और उनके साथियों ने उन्हें कार में बैठा लिया। कुछ देर बाद आलमबाग बस अड्डे के पास उतारकर उनका ट्रॉली बैग, 203.92 ग्राम सोने का कैप्सूल, दिरहम, पासपोर्ट और अन्य सामान लेकर फरार हो गए।मामले के खुलासे के लिए गठित पुलिस टीमों ने 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों की मदद से दीपक वर्मा व राम प्रताप दुबे को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में दोनों ने बताया कि गिरोह खाड़ी देशों से लौटने वाले लोगों को लालच देकर सोने की तस्करी कराता था। इस बार उन्होंने तस्करी का सोना गिरोह तक पहुंचाने के बजाय खुद ही चोरी कर लिया। पुलिस ने दोनों को जेल भेज दिया है और फरार आरोपितों की तलाश जारी है।