Lucknow 40 Thousand Cash And Jewelry Looted By Threatening Woman With Rod Bold Criminals Fled
महिला पर तानी लोहे की रॉड, 40 हजार नकद, जेवर लेकर फरार
Contributed by: Rishi.Sengar|नवभारतटाइम्स.कॉम•
nNBT रिपोर्ट, लखनऊ : मड़ियांव इलाके के अल्लू नगर में देर रात बेखौफ बदमाशों ने एक मकान में धावा बोल दिया। कमरे में अकेली सो रही महिला को लोहे की रॉड दिखाकर जान से मारने की धमकी दी और अलमारी का ताला तोड़कर 40 हजार रुपये नगद व सोने के जेवर समेटकर फरार हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर बदमाशों की तलाश में जुटी है।
छत पर सो रहा था परिवार, कमरे में अकेली थी बहू अल्लू नगर निवासी चंद्रिका प्रसाद के मुताबिक, सोमवार रात करीब ढाई बजे दो बदमाश घर में घुस आए। उस समय उनकी बहू संगीता कमरे में अकेली सो रही थीं, जबकि उनकी पत्नी गीता और दो बेटे (राजकुमार व रोहित) मकान की छत पर सो रहे थे। कमरे में आहट पाकर संगीता की नींद खुल गई। संगीता के जगते ही बदमाशों ने लोहे की रॉड तान दी और शोर मचाने पर जान से मारने की धमकी दी। बदमाशों ने कमरे में रखी अलमारी का ताला तोड़ दिया। उसमें रखे 40 हजार रुपये नकद, एक सोने की चेन और एक सोने की अंगूठी समेटकर फरार हो गए। बदमाशों के भागने के बाद संगीता ने शोर मचाया, जिस पर छत से परिजन नीचे पहुंचे और डायल-112 पर पुलिस को सूचना दी। इंस्पेक्टर मड़ियांव शिवानंद मिश्रा ने बताया कि आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।