Ncc Girls Team Wins Shooting Championship In Bareilly Will Represent Up In Delhi
NCC बालिका टीम ने जीती शूटिंग चैंपियनशिप ट्रोफी
नवभारतटाइम्स.कॉम•
nNBT रिपोर्ट, लखनऊ : एनसीसी ग्रुप लखनऊ की थल सैनिक कैंप (टीएससी) गर्ल्स टीम ने बरेली में आयोजित दस दिवसीय इंटर ग्रुप चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन करते हुए शूटिंग चैंपियनशिप ट्रोफी अपने नाम की। प्रतियोगिता में एनसीसी निदेशालय उत्तर प्रदेश के 11 एनसीसी ग्रुपों की टीमों ने हिस्सा लिया था, जिसमें लखनऊ ग्रुप की बालिका कैडेटों ने अपनी प्रतिभा और अनुशासन का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता के दौरान कैडेटों ने फायरिंग के अलावा ऑब्स्टेकल टास्क, हेल्थ एंड हाइजीन, मैप रीडिंग, जजिंग डिस्टेंस, फील्ड सिग्नल्स और सर्विस विषयों की लिखित प्रतियोगिताओं में भी हिस्सा लिया। व्यक्तिगत प्रतियोगिताओं में भी लखनऊ ग्रुप की कैडेटों ने कई पदक अपने नाम किए। 63 यूपी बटालियन एनसीसी की जूनियर विंग की कैडेट जिज्ञासा शर्मा ने फायरिंग में स्वर्ण पदक जीता। वहीं, 20 यूपी गर्ल्स बटालियन की जूनियर विंग कैडेट हिमानी ने स्नैप फायर स्पर्धा में स्वर्ण पदक हासिल किया। 19 यूपी गर्ल्स बटालियन की सीनियर विंग कैडेट अयुष्मिता पटेल ने स्नैप फायर में रजत पदक जीता, जबकि अनन्या तिवारी ने जेडी एंड एफएस प्रतियोगिता में रजत पदक अपने नाम किया। यहां से चुने गए कैडेट दिल्ली में आयोजित होने वाले प्रतिष्ठित अखिल भारतीय थल सैनिक कैंप में उत्तर प्रदेश का प्रतिनिधित्व करेंगे।