n NBT रिपोर्ट, सिविल लाइंस: किसी भी इमरजेंसी के समय राहत और रेस्क्यू सिस्टम कितना तैयार है, इसे परखने के लिए बुधवार को सिविल डिफेंस की ओर से सिविल डिफेंस कार्यालय और जिला परिषद कॉम्प्लेक्स में मॉक ड्रिल आयोजित की गई। सुबह 11 बजे शुरू हुए इस अभ्यास में जिला प्रशासन, पुलिस, फायर ब्रिगेड, हेल्थ डिपार्टमेंट, ऐम्बुलेंस सर्विस, सिविल डिफेंस वालंटियर्स और 5वीं NCC बटालियन की टीमों ने संयुक्त रूप से हिस्सा लिया। ड्रिल का मकसद अलग-अलग विभागों के बीच बेहतर तालमेल, तेज रेस्पॉन्स और राहत कार्यों की तैयारी को परखना था।
मॉक ड्रिल के दौरान भूकंप, आग और अन्य इमरजेंसी जैसी स्थिति का सिम्युलेशन तैयार किया गया। सूचना मिलने के बाद रेस्क्यू टीमों ने प्रभावित लोगों को सुरक्षित पहुंचाने, स्ट्रेचर की मदद से घायलों को बाहर निकालने, फर्स्ट एड देने और जरूरत पड़ने पर कार्डियो पल्मोनरी रिससिटेशन (CPR) करने का लाइव प्रदर्शन किया।