ओल्ड गुड़गांव मेट्रो के दो स्टेशनों के लिए बनेगा डबल डेकर डिज़ाइन!

नवभारतटाइम्स.कॉम
old gurgaon metro sector 21 and bajghera road stations to be double decker relief from traffic jams
n NBT रिपोर्ट, गुड़गांव

ओल्ड गुड़गांव मेट्रो प्रॉजेक्ट के लिए प्रस्तावित सेक्टर-21 और बजघेड़ा रोड मेट्रो स्टेशन को डबल डेकर स्ट्रक्चर में विकसित करने की संभावना पर काम शुरू हो गया है। गुड़गांव मेट्रो रेल लिमिटेड (GMRL) ने दोनों स्टेशनों के लिए टेक्निकल फिजिबिलिटी स्टडी शुरू की है। इसका मकसद कम चौड़ाई वाली सड़कों पर मेट्रो और सड़क, दोनों के लिए बेहतर स्पेस मुहैया कराना है।
बता दें कि कुछ दिन पहले GMRL के प्रबंध निदेशक चंद्रशेखर खरे ने पूरे मेट्रो कॉरिडोर का निरीक्षण किया था। इस दौरान सेक्टर-7 से साइबर सिटी तक प्रस्तावित सेक्शन का भी जायजा लिया था। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने बताया कि इस सेक्शन के कई हिस्से घनी आबादी वाले इलाकों से गुजरते हैं, जहां सड़क की चौड़ाई सीमित है। ऐसे में निर्माण के दौरान ट्रैफिक, स्थानीय कारोबार और लोगों की आवाजाही पर कम से कम असर पड़े, इसके लिए अलग-अलग विकल्पों पर काम किया जा रहा है। इसी वजह से दोनों स्टेशनों के लिए डबल डेकर डिजाइन की संभावना तलाशी जा रही है। दोनों स्टेशनों के एंट्री और एग्जिट प्वाइंट के मौजूदा प्रस्ताव में कुछ जगह निजी जमीन का भी मुद्दा सामने आ रहा है। ऐसे में डिजाइन में बदलाव कर जमीन की जरूरत कम करने के विकल्प भी देखे जा रहे हैं।