Ayurveda Boards Stuck Exams Start From August 25 Thousands Of Students Get Relief
आयुर्वेद बोर्ड की परीक्षाएं 25 से
Contributed by: Ranvijay.Singh1|नवभारतटाइम्स.कॉम•
n NBT रिपोर्ट, लखनऊ
आयुर्वेदिक एवं यूनानी तिब्बी चिकित्सा पद्धति बोर्ड दो साल से अटकी परीक्षाओं का रास्ता साफ हो गया है। बोर्ड की तरफ से बुधवार को परीक्षा कार्यक्रम जारी कर दिया गया। इसके मुताबिक पहले चरण की प्रायोगिक परीक्षाएं 25 अगस्त से और लिखित परीक्षाएं एक सितंबर 2026 से शुरू होंगी। वहीं, दूसरे चरण में प्रायोगिक परीक्षाएं 10 सितंबर और लिखित परीक्षाएं 15 सितंबर से करवाई जाएंगी।शासन की ओर से बोर्ड में कंट्रोलर की तैनाती के बाद यह कवायद तेज हुई है। विशेष सचिव मदन सिंह डबरियाल ने मंगलवार को कंट्रोलर का चार्ज संभालने के अगले दिन दो साल से रुकी परीक्षाओं को हरी झंडी दे दी है। इसके साथ ही बोर्ड से संबद्ध करीब 270 कॉलेजों के हजारों स्टूडेंट्स की परीक्षा का इंतजार खत्म होने की उम्मीद जगी है।
फर्जी रजिस्ट्रेशन के बाद ठप थी व्यवस्था : बोर्ड का चुनाव बाधित होने के चलते परीक्षा व्यवस्था लंबे समय से पटरी से उतरी हुई थी। इसका सीधा असर स्टूडेंट्स पर पड़ा। कई पाठ्यक्रमों में दाखिले होते रहे, लेकिन पूरक और सालाना परीक्षाएं समय पर नहीं हो सकीं। करीब 40 हजार से ज्यादा स्टूडेंट्स का अगला शैक्षणिक सत्र और करियर प्रभावित होने लगा था। स्टूडेंट्स पिछले साल ही परीक्षा फॉर्म भर चुके हैं। ऐसे में अब बोर्ड के सामने परीक्षाएं करवाने में बड़ी तकनीकी अड़चन नहीं है। विभागीय सूत्रों के मुताबिक इसी महीने परीक्षा कार्यक्रम को अंतिम रूप देकर प्रक्रिया शुरू की जाएगी।