Silent Reading Session Inaugurated In Lucknow On National Librarian Day Book Fair Every Sunday
सुबह का वक़्त, रूहानी नज़ारे, किताबों की दुनिया में डूबे सारे
नवभारतटाइम्स.कॉम•
nNBT न्यूज, लखनऊ : सुबह-शाम की सुहानी धूप, विशाल वृक्षों की घनी छांव और चारों तरफ पसरी एक रूहानी खामोशी… इस शांत माहौल में क्या बुजुर्ग, क्या युवा और क्या बच्चे, हर कोई बस अपनी मनपसंद किताबों की दुनिया में खोया हुआ था। कुछ ऐसा ही मनमोहक दृश्य अमीर-उद्-दौला पब्लिक लाइब्रेरी परिसर में बुधवार को देखने को मिला, जहां ' राष्ट्रीय पुस्तकालयाध्यक्ष दिवस ' के विशेष अवसर पर साइलेंट रीडिंग सेशन का आगाज़ किया गया।
हर रविवार को साइलेंट रीडिंग सेशन : भारत में लाइब्रेरी साइंस के जनक पद्मश्री प्रो. एसआर रंगनाथन की 134वीं जयंती के उपलक्ष्य में आयोजित इस विशेष कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य अतिथि सेवानिवृत्त आईपीएस अधिकारी किरन यादव द्वारा डॉ. रंगनाथन के चित्र पर माल्यार्पण कर की गई। अब हर रविवार को पुस्तकालय परिसर के लॉन में यह साइलेंट रीडिंग सेशन दो पालियों में सुबह 8 से 10 बजे और शाम 4 से 6 बजे आयोजित किया जाएगा।उपन्यास, कहानियां और साहित्यिक पुस्तकें: पुस्तकालय के 'द बुकमार्क कैफेटेरिया' में पाठकों के लिए हिंदी व अंग्रेजी की पुस्तकें उपलब्ध कराई गई हैं। पाठक चाहें तो खुले आसमान के नीचे बैठकर पढ़ने का आनंद ले सकते हैं। कार्यक्रम के दौरान लाइब्रेरियन सुप्रिया शर्मा, डॉ. गौरव कुमार जायसवाल, रमेश चंद्र, हरीशचन्द्र, रामकरन, पुस्तकालय के कर्मचारी, छात्र, सदस्य उपस्थित रहे।