5 साल से सैलरी न मिलने पर भड़के सोसायटी के कर्मचारी

नवभारतटाइम्स.कॉम
faridabad society employees upset over not receiving salary for 5 years protest by stopping work
n NBT न्यूज, फरीदाबाद

ग्रेटर फरीदाबाद सेक्टर 86 स्थित ओमेक्स हाइट्स सोसायटी में बुधवार को हाउसकीपिंग स्टाफ ने सैलरी बढ़ाने की मांग को लेकर विरोध प्रदर्शन किया। कर्मचारियों का कहना है कि पिछले करीब पांच साल से उनकी सैलरी में कोई बढ़ोतरी नहीं की गई है। कई बार मांग उठाने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं होने पर कर्मचारियों ने बुधवार को काम बंद कर सोसायटी गेट के बाहर प्रदर्शन कर विरोध जताया।
परिवार का खर्च चलाना मुश्किल: कर्मचारियों का कहना है कि महंगाई लगातार बढ़ रही है, लेकिन उनकी सैलरी में लंबे समय से कोई बढ़ोतरी नहीं की गई है। इससे उनके लिए परिवार का खर्च चलाना मुश्किल हो रहा है। सरकार द्वारा कर्मचारियों के वेतन में बढ़ोतरी करने के निर्देश के बावजूद सैलरी बढ़ाई नहीं जा रही है। कर्मचारी सिद्धार्थ ने बताया कि उन्हें करीब 11 हजार रुपये सैलरी दी जा रही है। जबकि सरकार ने कर्मचारियों की न्यूनतम सैलरी 15-18 हजार रुपये करने के निर्देश दिए है। शिकायत करने पर हर महीने सैलरी बढ़ाने का आश्वासन दिया जाता है, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की जाती।

कई बार सैलरी बढ़ाने की मांग रख चुके हैं: सफाईकर्मी महिलाओं का कहना है कि यहां न तो सैलरी बढ़ाई जा रही है और न ही जरूरी काम पर छुट्टी दी जाती है। कुछ लोगों ने पुलिस को सूचना देकर पुलिस बुलाई, लेकिन कर्मचारी अपनी मांगों से पीछे नहीं हटे।