संगीत के साथ साहित्य भी पढ़ेंगे भातखंडे के स्टूडेंट्स

नवभारतटाइम्स.कॉम
literature will also be studied along with music in bhatkhande university
nNBT न्यूज, लखनऊ: भातखंडे संस्कृति विश्वविद्यालय प्रशासन ने ' एबिलिटी एनहैंसमेंट कोर्स ' के तहत तीन नए विषयों हिंदी साहित्य , अंग्रेजी साहित्य और संस्कृत साहित्य को शामिल करने का निर्णय लिया है। छात्र अब अपनी रुचि के अनुसार इन तीनों में से किसी एक साहित्य का चयन कर पढ़ाई कर सकेंगे। अब तक इस कोर्स के तहत केवल हिंदी, अंग्रेजी और संस्कृत व्याकरण की ही शिक्षा दी जा रही थी।

साहित्य को पाठ्यक्रम में जोड़ने के उद्देश्य पर प्रकाश डालते हुए कुलपति प्रो. मांडवी सिंह ने कहा कि संगीत के विद्यार्थियों के लिए साहित्य प्रेरणा का एक समृद्ध स्रोत है। साहित्य के अध्ययन से संगीत साधक अपनी कला में नए प्रयोग कर सकते हैं। उदाहरण के तौर पर, महादेवी वर्मा की रचनाओं और गीतों के जरिए कथक नृत्य में शृंगार रस के संयोग और वियोग दोनों पक्षों को बड़ी सहजता से अभिव्यक्त किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि इन विषयों को जोड़ने का मुख्य उद्देश्य यह है कि विद्यार्थी न केवल साहित्य का अध्ययन करें, बल्कि यह भी सीखें कि इसे संगीत और नृत्य के माध्यम से कैसे जोड़ा जाए।