Prices Of Food Items Increased Retail Inflation Rate Reached 445 In July
खाने-पीने की चीजों के दाम बढ़े, महंगाई चढ़ी
नवभारत टाइम्स•
(फोटो- नवभारत टाइम्स)
NBT रिपोर्ट, नई दिल्ली
अदरक और प्याज सहित खाने-पीने की चीजों के दाम बढ़ने के चलते जुलाई में खुदरा महंगाई दर बढ़कर 4.45% पर पहुंच गई। जून में यह 4.38% थी। सांख्यिकी एवं कार्यक्रम कार्यान्वयन मंत्रालय ने बुधवार को बताया कि जुलाई में खाद्य वस्तुओं में महंगाई दर भी जून के 5.32% से बढ़कर 5.52% हो गई।जुलाई में प्याज में 22.54% की इंफ्लेशन रही, जो जून में 4.73% थी। अदरक में महंगाई दर 50.41% से बढ़कर 83.62% हो गई। लहसुन में यह 17.93% से बढ़कर 35.36% पर पहुंच गई। वहीं, आलू, भिंडी और टमाटर में नेगेटिव इंफ्लेशन दिखी।
बैंक ऑफ बड़ौदा के मुख्य अर्थशास्त्री मदन सबनवीस ने कहा, 'मॉनसून और बुआई के क्षेत्रफल को देखते हुए आने वाले समय में महंगाई बढ़ सकती है। जुलाई में मॉनसून सुधरा है, लेकिन ज्यादा बारिश से फसलों को नुकसान भी हुआ है। दालों के दाम बढ़ सकते हैं। खाद्य तेलों की वैश्विक कीमतें भी ज्यादा हैं, जिसका असर देश में महसूस किया जा रहा है।'
जुलाई में रेस्टोरेंट सर्विसेज में महंगाई 7.72% और पर्सनल केयर सेगमेंट में 14.77% पर रही। केयरएज की मुख्य अर्थशास्त्री रजनी सिन्हा ने कहा, 'रेस्टोरेंट्स खाने-पीने और ईंधन की ऊंची लागत उपभोक्ताओं पर डाल रहे हैं। मौसम और विदेश से जुड़े रिस्क बने हुए हैं। महंगाई बढ़ी तो साल के आखिर में आरबीआई रीपो रेट बढ़ा सकता है।' सबनवीस ने कहा कि इस साल महंगाई 5.2% पर रह सकती है।