कच्चे तेल की बढ़ती कीमतों से शेयर बाज़ार में गिरावट

नवभारत टाइम्स
rising crude oil prices and tcs sell off major stock market fall sensex drops 187 points
NBT रिपोर्ट, मुंबई: शेयर बाजार में लगातार दूसरे दिन गिरावट देखने को मिली। बाजार में यह गिरावट कच्चे तेल की बढ़ती कीमतों और टाटा ग्रुप के शेयरों खासकर TCS में हुई बिकवाली की वजह से आई। सेंसेक्स 187.90 अंक (0.24%) फिसलकर 77,966.35 पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान एक समय तो सेंसेक्स 656.32 अंक (0.83%) तक गिरकर 77,497.93 पर आ गया था। लेकिन आखिरी घंटों में हुई मामूली खरीदारी से इसने कुछ नुकसान की भरपाई कर ली। वहीं, निफ्टी भी 35.75 अंक (0.15%) की गिरावट के साथ 24,435.95 पर बंद हुआ।

सेबी प्रमुख ने कहा, क्लोजिंग ऑक्शन में कोई गड़बड़ी नहीं
वहीं, बाजार नियामक सेबी के चेयरमैन तुहिन कांत पांडे ने बुधवार को कहा कि कैपिटल मार्केट रेगुलेटर को हाल ही में शुरू हुए क्लोजिंग ऑक्शन सेशन (CAS) सिस्टम में अब तक किसी भी तरह की धांधली या हेरफेर देखने को नहीं मिली है। हालांकि उन्होंने कहा कि अगर जरूरत पड़ी तो सेबी इस सिस्टम में बदलाव करने को भी तैयार है। मुंबई में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान पांडे ने बाजार से जुड़े लोगों से इस नए सिस्टम को समझने और इसे अपनाने की अपील की।

उन्होंने बताया कि 3 अगस्त से शुरू हुआ यह सिस्टम पैसिव इन्वेस्टर्स, म्यूचुअल फंड्स के लिए सही नेट एसेट वैल्यू (NAV) तय करने और इंडेक्स इन्वेस्टर्स के लिए काफी काम का है।