August 15 Blockade On 11 Borders Adjacent To Delhi Heavy Vehicles Prohibited
15 अगस्त पर 11 सीमाओं पर रहेगी नाकेबंदी, नहीं आ सकेंगे भारी वाहन
नवभारतटाइम्स.कॉम•
- दिल्ली से सटे सभी 11 बॉर्डर पर इंटरस्टेट नाकेबंदी, सघन तलाशी अभियान जारी
- 14 अगस्त रात 8 बजे से दिल्ली में भारी वाहनों का प्रवेश बंद, रूट रहेगा डायवर्ट- मेट्रो, बस स्टैंड और मॉल जैसे भीड़भाड़ वाले इलाकों में पुलिस और सीआईडी की पैनी नजर
NBT रिपोर्ट, फरीदाबाद : स्वतंत्रता दिवस समारोह को सुरक्षित और शांतिपूर्ण संपन्न कराने के लिए फरीदाबाद पुलिस ने सुरक्षा का पुख्ता घेरा तैयार किया है। पुलिस आयुक्त के निर्देशानुसार सभी डीसीपी और थाना प्रबंधकों को हाई अलर्ट पर रखा गया है। जिले के महत्वपूर्ण स्थलों जैसे मेट्रो स्टेशन, बस स्टैंड, मॉल, सिनेमा हॉल और साइबर कैफे पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए सीआईडी और सुरक्षा एजेंटों की जोनवार टीमें गठित की गई हैं, जो होटलों, गेस्ट हाउसों और ओयो धर्मशालाओं में ठहरने वालों का रिकॉर्ड खंगाल रही हैं।
सुरक्षा के लिहाज से फरीदाबाद की सीमाओं पर 11 महत्वपूर्ण स्थानों पर इंटरस्टेट नाकेबंदी की गई है। इनमें बदरपुर बॉर्डर, सराय टोल, शूटिंग रेंज, प्रहलादपुर, मांगर चुंगी, दुर्गा बिल्डर, इस्माइलपुर, किडावली, मंझावली यमुना पुल, मोहना और केजीपी मौजपुर टोल शामिल हैं। इन सभी पॉइंट्स पर आने-जाने वाले वाहनों की गहनता से जांच की जा रही है। स्मार्ट सिटी के सीसीटीवी कैमरों के जरिए भी संदिग्ध गतिविधियों पर पैनी नजर रखी जा रही है। यातायात व्यवस्था को सुचारू रखने के लिए 14 अगस्त की रात 8:00 बजे से 15 अगस्त को कार्यक्रम समाप्ति तक दिल्ली की ओर जाने वाले भारी और मध्यम मालवाहक वाहनों तथा इंटरस्टेट बसों का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। यह प्रतिबंध बदरपुर बॉर्डर, पल्ला, सूरजकुंड, मांगर और सीकरी समेत सभी प्रमुख मार्गों पर लागू होगा। भारी वाहनों को जाम से बचाने के लिए सीमा से पहले ही वैकल्पिक मार्गों पर डायवर्ट किया जाएगा। पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत डायल 112 पर सूचना दें।