फैक्ट्री से कर रहे थे गैंगस्टर की मदद, चला बुलडोजर

नवभारतटाइम्स.कॉम
bulldozer runs over gangster kaushal chaudharys illegal empire factory demolished
n NBT रिपोर्ट, खांड़सा मंडी

क्राइम ब्रांच शाखा मानेसर की टीम ने सेक्टर-9 में एक अवैध फैक्ट्री को ध्वस्त किया है। इस संपत्ति की अनुमानित कीमत करीब 1.5 करोड़ रुपये बताई जा रही है। जांच में खुलासा हुआ है कि इस फैक्ट्री का इस्तेमाल खांडसा मंडी में दुकानदारों और रेहड़ी-पटरी वालों को धमकाकर अवैध वसूली करने और गैंगस्टर कौशल चौधरी के नेटवर्क को आर्थिक रूप से मजबूत करने के लिए किया जा रहा था।
टीम की जांच के आधार पर 200 वर्गगज भूमि पर अवैध रूप से निर्मित प्लास्टिक फैक्ट्री को चिह्नित किया गया था। पुलिस के अनुसार, फैक्ट्री प्रताप नगर निवासी विनय बाजवा की ओर से संचालित की जा रही थी। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि फैक्ट्री में प्लास्टिक शीट, पॉलिथीन और बैग आदि तैयार किए जाते थे। इस्तेमाल केवल व्यवसायिक गतिविधियों तक सीमित नहीं था, बल्कि इसके माध्यम से आपराधिक गतिविधियों को भी आर्थिक रूप से बढ़ावा दिया जा रहा था। सामने आया कि विनय बाजवा और कुख्यात अपराधी कौशल चौधरी आपस में मिलकर खांडसा मंडी क्षेत्र में दुकानदारों एवं रेहड़ी वालों पर दबाव बनाते थे। पुलिस जांच के अनुसार, कौशल चौधरी के दबाव एवं डर-धमकी के माध्यम से खांडसा मंडी के दुकानदारों एवं रेहड़ी वालों को विनय बाजवा की फैक्ट्री से ही प्लास्टिक शीट/पॉलिथीन खरीदने के लिए मजबूर किया जाता था।