सुरों और रोशनी से सजा इकाना

नवभारतटाइम्स.कॉम
grand inauguration of up t 20 league cm yogi inaugurates shankar mahadevan and jasmine sandlas mesmerize
nNBT न्यूज, लखनऊ : जिस यूपी T-20 लीग के चौथे सत्र का क्रिकेट प्रेमियों को बेसब्री से इंतजार था, उसका उद् घाटन समारोह शुक्रवार को इकाना स्टेडियम में हुआ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मौजूदगी में लीग का शुभारंभ हुआ। हालांकि, हाईवोल्टेज शो के लिए की गई बड़े स्तर की तैयारियों के बावजूद दर्शकों की कमी ने आयोजन की चमक फीकी कर दी। इंटरनैशनल खिलाड़ियों, बॉलिवुड सिंगर शंकर महादेवन और जैस्मीन सैंडलस की मौजूदगी भी उम्मीद के मुताबिक भीड़ खींचने में नाकाम रही।

लीग की चमचमाती ट्रोफी के शुभारंभ पर मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर इससे बेहतर शुरुआत क्या हो सकती है, जो पूरे प्रदेश को एक साथ जोड़ रही है। उन्होंने कहा कि यूपी T20 लीग यूपी के युवाओं के लिए नया अवसर लेकर आई है।
उनके साथ मौके पर बीसीसीआई उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला, खेल मंत्री गिरीश चंद्र यादव, एमएलसी महेंद्र सिंह के साथ सुरेश रैना और विशेष उपस्थिति में अभिषेक शर्मा की मौजूदगी खास रही।

प्रस्तुति से झूमे दर्शक : सबसे पहले जैस्मीन सैंडलस ने धुरंधर थीम सॉन्ग, मैं वारी जावां..., शरारत..., जाइये सजना... की मनमोहक प्रस्तुति दी। इसके बाद शंकर, सिद्धार्थ और शुभम महादेवन ने शिवम तांडव स्त्रोत्रम, लक्ष्य मूवी का गाना और भाग मिल्खा भाग का ‘जिंदा है तो’ गाना गाकर पूरा माहौल जोश से भर दिया। अंत में उन्होंने सुनो गौर से दुनिया वालो से दर्शकों का उत्साह दोगुना कर दिया।

ड्रोन लेजर से बनाई सीएम की तस्वीर : अचानक स्टेडियम की रोशनी बुझी और पूरा इकाना रंग-बिरंगी लेजर लाइटों से जगमगा उठा। आसमान और स्टेडियम की दीवारों पर ड्रोन लेजर शो से आकर्षक तस्वीरें उकेरी गईं। शो के दौरान जैसे ही योगी आदित्यनाथ की तस्वीर आसमान में उभरी, पूरा स्टेडियम तालियों से गूंज उठा।