अगले महीने हो सकती है GST काउंसिल की मीटिंग

Contributed byAkhilesh.Singh1|नवभारतटाइम्स.कॉम
अगले महीने हो सकती है GST काउंसिल की मीटिंग
नई दिल्ली : पिछले साल सितंबर में 'बचत उत्सव' का माहौल बनाने के बाद GST काउंसिल की अगली बैठक सितंबर के आखिरी सप्ताह में होने की संभावना है। पिछली बार जहां GST के स्लैब घटाए गए और दरें कम की गईं, वहीं इस बार इनपुट टैक्स क्रेडिट से जुड़ी दिक्कतों को दूर करने और रजिस्ट्रेशन को आसान बनाने सहित प्रक्रियागत सुधारों पर ध्यान दिया जा सकता है, जिससे मुकदमेबाजी की गुंजाइश कम से कम रहे। आधिकारिक सूत्रों ने यह जानकारी दी।

वित्त मंत्रालय के एक अधिकारी ने बताया, 'काउंसिल की 57वीं मीटिंग सितंबर के आखिरी या अधिक से अधिक अक्टूबर के पहले सप्ताह में करने की तैयारी चल रही है। मीटिंग की तारीखें अभी तय नहीं हैं।' पिछली मीटिंग पिछले साल सितंबर में दिल्ली में हुई थी। अधिकारी के मुताबिक, इस बार की बैठक में इनपुट टैक्स क्रेडिट (ITC) से जुड़ी विसंगतियां दूर करने पर विचार होगा। उन्होंने कहा कि रजिस्ट्रेशन प्रोसेस और रिफंड से जुड़े मसलों को दूर करने जोर रहेगा। इस बारे में काउंसिल के मेंबर्स के बीच शुरुआती चर्चा हो चुकी है। इस बैठक में कारोबारियों की ओर से आए सुझावों को देखते हुए कदम उठाए जा सकते हैं। रिफंड के मामले में गुड्स और सर्विसेज के बीच फर्क दूर करने के सुझाव मिले हैं। सेंट्रल बोर्ड ऑफ इनडायरेक्ट टैक्सेज एंड कस्टम्स इससे जुड़े आंकड़ों का अध्ययन कर रहा है। एक ही कॉरपोरेट ग्रुप की कंपनियों के बीच अनयूज्ड ITC के ट्रांसफर की इजाजत दी जा सकती है। टैक्स कनेक्ट अडवाइजरी के पार्टनर विवेक जालान ने कहा, इनवर्टेड ड्यूटी स्ट्रक्चर में ITC की नॉन-रिफंड की व्यवस्था को ठीक करना जरूरी है।