Sector 67 Bloody Conflict Between Two Factions Over Feeding Street Dogs Women Beaten
डॉग्स को खाना खिलाने पर विवाद, महिलाओं से मारपीट
नवभारतटाइम्स.कॉम•
n NBT रिपोर्ट, सेक्टर-67
शहर के सेक्टर-67 में श्री वर्धमान मंत्रा सोसायटी में स्ट्रीट डॉग्स को खाना खिलाने को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हो गया। झगड़ा इतना बढ़ गया कि डॉग्स की देखभाल में जुड़ीं दो महिलाओं से मारपीट की गई। सेक्टर-65 पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत पर मामले की जांच शुरू कर दी है।जानकारी के अनुसार, घटना गुरुवार रात 9:30 बजे की है। बताया जा रहा है कि रोज सूद और अंकिता कुछ साथियों की मदद से सोसायटी परिसर और आसपास स्ट्रीट डॉग्स को खाना देती हैं। कुछ निवासी विरोध करते हैं। रोज सूद ने बताया कि उनके साथ मारपीट की जा सकती है व उन्हें परेशान किया जा रहा है, कई शिकायतें पुलिस काे पहले दे चुकी हैं। गुरुवार रात फीडर आया तो लोगों ने रोक लिया और विरोध किया, बहस शुरू हो गई और बात हाथापाई तक पहुंच गई। पीड़िता का आरोप है कि कुत्तों के लिए खाना आया तो कुछ लोगों ने उन्हें घेर लिया और गाली-गलौज करने लगे। बताया जा रहा है कि इस दौरान वहां पुलिस मौजूद थी। उन्होंने घटना का विडियो बनाने की कोशिश की तो मोबाइल छीनने का प्रयास किया गया। सूद का आरोप है कि उनके अलावा अंकिता के साथ भी मारपीट की गई। उन्होंने बताया कि डॉग्स के लिए फीडिंग पॉइंट बनाए गए हैं। वहां नगर निगम की ओर से बोर्ड नहीं लगाए गए हैं।
पुलिस बोली, शिकायतें मिली हैं, जांच जारी : पुलिस का कहना है कि दोनों ही पक्षों की तरफ से लिखित शिकायतें प्राप्त हुई हैं। पुलिस ने विडियो और सोसायटी के सीसीटीवी फुटेज को कब्जे में ले लिया है। फुटेज की जांच की जा रही है ताकि यह स्पष्ट हो सके कि हिंसा की शुरुआत किसने की और मारपीट में कौन-कौन शामिल थे। जांच के आधार पर निष्पक्ष कानूनी कार्रवाई की जाएगी।