Tractor Filled With Bricks Overturned Due To Truck Collision Highway Jammed For 3 Hours
ट्रक की टक्कर से ईंटों से भरा ट्रैक्टर पलटा, 3 घंटे हाइवे जाम
नवभारतटाइम्स.कॉम•
n NBT न्यूज, होडल
औरंगाबाद गांव के पास शुक्रवार को नैशनल हाइवे पर तेज रफ्तार ट्रक ने ईंटों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली को पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्रॉली हाइवे पर पलट गई और उसमें भरी ईंटें सड़क पर बिखर गईं। हादसे के बाद हाइवे पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और कई घंटे तक यातायात प्रभावित रहा। जानकारी के अनुसार, गांव नांगला अहसानपुर निवासी रहीश ट्रैक्टर-ट्रॉली में ईंट भरकर पलवल की ओर जा रहा था। इसी दौरान औरंगाबाद के समीप पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने ट्रॉली में टक्कर मार दी। हादसे के बाद ट्रॉली हाइवे पर पलट गई और ईंटें सड़क पर फैल गईं। इस दौरान ट्रक चालक वाहन को मौके पर छोड़कर फरार हो गया।हाइवे पर जाम लगने की सूचना मिलने पर मुंडकटी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने नेशनल हाइवे अथॉरिटी के अधिकारियों को सूचना दी, जिसके बाद हाइड्रा और जेसीबी मशीन की मदद से सड़क पर पलटी ट्रॉली को हटाया गया तथा बिखरी ईंटों को सड़क से हटवाया गया। करीब तीन से चार घंटे की मशक्कत के बाद हाइवे पर यातायात सुचारु हो सका। मुंडकटी थाना प्रभारी कैलाश भड़ाना ने बताया कि हादसे के बाद हाईवे पर जाम की स्थिति बन गई थी। पुलिस और संबंधित अधिकारियों की मदद से ट्रॉली और ईंटों को हटवाकर यातायात सामान्य करा दिया गया। ट्रक चालक के मौके से फरार होने के मामले में पुलिस जांच कर रही है।