गा नहीं सकता, गलत लोगों पर बुलडोज़र चलवा सकता हूं: योगी

नवभारतटाइम्स.कॉम
i cannot sing but i can get bulldozers run over wrong people yogi adityanath
n NBT रिपोर्ट, लखनऊ : सीएम योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को 8 राज्यों के कलाकारों के साथ अपने सरकारी आवास पर संवाद किया। ये कलाकार स्वाधीनता दिवस पर विधानभवन के बाहर हुए आयोजन में सांस्कृतिक प्रस्तुति देने आए थे। इस दौरान छत्तीसगढ़ के एक कलाकार ने सीएम ने कहा कि उनके प्रदेश में लोग आप को ‘ बुलडोजर बाबा ’ कहते हैं। सीएम मुस्कराए, बोले ‘बुलडोजर बाबा’ पसंद हैं? सामने से आई हामी के बाद उन्होंने कहा कि मैं गा नहीं सकता, लेकिन, गलत लोगों पर बुलडोजर तो चलवा ही सकता हूं।

सीएम ने संवाद के दौरान जम्मू-कश्मीर से लेकर अरुणाचल प्रदेश, महाराष्ट, मध्यप्रदेश, गुजरात, छत्तीसगढ़ समेत आठ राज्यों के कलाकारों से यूपी में उनके अनुभव और यहां घूमने की इच्छा के बारे में जानकारी ली। कई कलाकारों ने अयोध्या और लखनऊ घूमने की इच्छा जताई। सीएम ने तत्काल अधिकारियों को उनके भ्रमण की व्यवस्था करने के निर्देश दिए। कलाकारों से कहा कि जब भी किसी राज्य में जाएं तो एक दिन अतिरिक्त समय निकालकर स्थानीय स्थलों, संस्कृति और खान-पान को जरूर जानें। हर भारतीय का दायित्व है कि वह अपने देश की विशालता और विविधता को देखे। कलाकारों के माध्यम से देश के अलग-अलग हिस्सों की संस्कृति एक-दूसरे से जुड़ती है और यही सांस्कृतिक एकता भारत की सबसे बड़ी ताकत है।