स्काईवॉक अब भी हवा में

नवभारतटाइम्स.कॉम
noida skywalk nine deadlines crossed yet passengers wait remains in limbo
n NBT रिपोर्ट, नोएडा

एक, दो नहीं नौ डेडलाइन पार हो गईं लेकिन ब्लू लाइन व एक्वा लाइन मेट्रो के मुसाफिरों की सहूलियत के लिए बन रहा स्काईवॉक रविवार से चलना भी संभव नहीं दिख रहा। दसवीं डेडलाइन रविवार यानी 16 अगस्त को तय है। अधिकारियों ने दावा किया है कि स्काईवॉक हर हाल में रविवार से शुरू हो जाएगा। वहीं शनिवार को यहां काफी अधिक काम बाकी दिखाई दिया। सेक्टर-51 स्टेशन से इसे कनेक्ट करने के लिए शनिवार दोपहर तीन बजे दीवार को तोड़ना शुरू किया गया था। ब्रिज पर वेल्डिंग चालू है और इसे अभी तक कवर भी नहीं किया गया। हालांकि अथॉरिटी के अधिकारी दावा कर रहे हैं कि ये इमरजेंसी एंट्री-एग्जिट के लिए है, जहां से लोग जाएंगे, वह बन चुका है। स्काईवॉक को देखने से लग रहा है कि इस माह के अंत तक इसका काम पूरा होगा। गौरतलब है कि ब्लू लाइन मेट्रो के सेक्टर-52 और एक्वा लाइन मेट्रो के सेक्टर-51 स्टेशन के बीच जून-2023 से स्काईवॉक का काम शुरू हुआ था। वर्क सर्कल ने सीईओ को जानकारी दी है कि काम तकरीबन पूरा हो गया है। अधिकारी दावा कर रहे हैं कि स्काईवॉक में लगे ट्रैवलेटर का ट्रायल होने लगा है। हालांकि मौके पर ऐसा नहीं दिख रहा।